मथुरा। थाना फरह की ओल चैकी क्षेत्र के मालगांव में रिफाइनरी की लाइन में खुद की लाइन जोड़कर कई साल तक तेल चोरी करने के मामले में पुलिस शिकंजा कसने लगी है। पुलिस ने तेल चोरी की वारदातों में शामिल रह चुके आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है। इधर, पुलिस ने रिफाइनरी के पाइप लाइन डिवीजन के संबंधित कर्मचारियों और वारदात स्थल के पास के किसानों से भी पूछताछ की। रिफाइनरी कर्मियों के मोबाइल की काॅल डिटेल निकलवाई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार विगत रोज मालगांव में लाइन के पास खाली परिसर में क्रूड आॅयल निकलने की सूचना मिली थी। रिफाइनरी की पाइप लाइन डिवीजन की टीम रातभर उक्त स्थान की मेन लाइन की कनेक्टविटी को तलाशती रही थी। अफसरों को रविवार को पता चला था कि बदमाशों ने मेन लाइन में बाल्व लगाकर खुद की अंडर ग्राउंड नई लाइन बिछा रखी है। ओल चैकी में अज्ञात लोगों के खिलाफ क्रूड आॅयल चोरी करने, लाइन को क्षतिग्रस्त करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया था। एसएसपी मंजिल सैनी ने सीओ रिफाइनरी प्रीती प्रियदर्शिनी के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम गठित की थी। पुलिस ने पहले आसपास गांवों के संदिग्धों की सूची तैयार की। अब पुलिस ने गांव भैंसा, माल, पीलुआ सादिकपुर, धानातेजा, भैंसा, भुडरसू, सौनोठ निवासी आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। इनसे पूछताछ की जा रही है। इधर, पुलिस की कार्रवाई से आसपास के गांवों में खलबली का माहौल है। सीओ रिफाइनरी प्रीती प्रियदर्शिनी ने बताया कि संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।





