मंदिरों के अधिग्रहण को लेकर पत्रकारों को जानकारी देते अभा तीर्थ पुरोहित महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेश पाठक एवं गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी
मथुरा। अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेश पाठक ने कहा कि जब तक सरकार मंदिरों के अधिग्रहण की कार्यवाही को समाप्त किये जाने का लिखित आश्वासन नहीं देता तब तक हर स्तर पर विरोध जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि कल बाबा सियारामदास ने गोस्वामी समाज एवं पण्डा समाज को आश्वासन दिया था कि मंदिर श्रीबांकेबिहारी और विंध्यावासिनी मंदिर के अधिग्रहण की सरकार की कोई मंशा नहीं है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि इसको लेकर महासभा के पदाधिकारियों की बैठक दिल्ली में कल आयोजित की गयी है। उन्होंने कहा कि सरकार अन्य धर्म के मंदिरों का अधिग्रहण क्यों नहीं करती। इस अवसर पर माथुर चतुर्वेद परिषद के अध्यक्ष दिनेश पाठक, पंडा सभा वृन्दावन के अध्यक्ष नंदकुमार पाठक, महावन के अध्यक्ष मोरमुकुट शर्मा, हिंदूवादी नेता गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी, नवीन नागर, राकेश तिवारी आदि मौजूद थे।





