नकली सोना रखकर ठगते थे कंपनी को
मथुरा। नकली सोना रखकर लोन कंपनी को धोखाधड़ी कर ठगने वाले गिरोह का शहर कोतवाली पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। एक चैकिंग के दौरान मामला पुलिस की पकड़ में आया।
मंगलवार इस सब का खुलासा करते शहर कोतवाल चन्द्रभान सिंह राठौर ने बताया कि वे रूटीन पुलिस चैकिंग के दौरान धौली प्याऊ तिराहे पर वाहनों की चैकिंग कर रहे थे तभी उन्हें सूचना मिली कि तीन लोग कारवी गोल्ड कंपनी जो बीएसए कालेज के पास है, पर नकली सोने के आभूषण गिरवी रखकर धोखाधड़ी से पैसा लेने जा रहे हैं। उन्होंने जब संदिग्धावस्था में इन लोगों को देखा तो इन लोगों ने भागने का प्रयास किया लेकिन कोतवाली पुलिस के हमराह रियाज खान और अन्य पुलिसकर्मियों ने इन तीनों को दबोच लिया। पुलिस ने करन सिंह पुत्र बिहारी लाल निवसी बोदला आगरा, अखिलेश पुत्र सत्यराम सिंह निवासी नगला तुला सिरसागंज, राजीव पुत्र आनन्द प्रकाश निवासी दैतेरा रोड जगदीशपुरा आगरा को पकड़ा है। पुलिस ने इनके पास से सोने की पाॅलिश लगी आठ चूडि़या और दो झुकी, एक अपाचे मोटरसाईकिल बरामद की है। बताते हैं कि ये लोग एक लंबे समय से फाइनैंस कंपनी पर धोखाधड़ी कर इसी तरह से नकली आभूषण जमा कराकर ऋण लेते रहे हैं। अब तक फाइनैंस कंपनी से ये एक लाख 72 हजार रूपये ले चुके हैं।





