जनपद पुलिस को बदमाशों की खुली चुनौती
मथुरा। जनपद पुलिस को चुनौती देते हुए बदमाश आए दिन दुस्साहसिक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस इन्हें पकड़ने में नाकाम साबित हो रही है। बीतीरात चोरों ने मांट क्षेत्र के विधायक की कोठी में घुसकर कई लाख रुपए कीमत के जेवर व नगदी पार कर पुलिस को एक बार फिर सोचने के लिए मजबूर कर दिया है।
घटना की जानकारी के बाद एसएसपी एवं एसपी सिटी एवं क्षेत्राधिकारी नगर डाॅग स्क्वायड एवं फिंगर प्रिन्ट एक्सपर्ट की टीम को लेकर मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का मुआयना करने के बाद एसएसपी ने कोतवाली प्रभारी को घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीतीरात चोरों ने मांट क्षेत्र के विधायक व प्रदेश के पूर्व कबीनामंत्री श्यामसुंदर शर्मा के चैकी बाग बहादुर स्थित कोठी को निशाना बनाया और कमरों में रखे बक्शे एवं अलमारी खंगाल डाले। यहां से चोरों ने सोने-चांदी के कुछ जेवर एवं घर के मंदिर से ठाकुरजी के आभूषण व मुकुट आदि सहित विधायक एवं उनके परिजनों के मोबाइल सैट एवं नगदी आदि पार कर दी। चोर यहां से कितना सामान और नगदी ले गए अभी इसका खुलासा नहीं किया गया है। अंदाजा लगाया जा रहा है चोर लाखों रुपए कीमत के सामान व नगदी पार कर ले गए। प्रातः विधायक एवं उनके परिवार के सदस्यों के जागने पर घटना की जानकारी उन्हें हुई तो हड़कंप मच गया। तुरंत घटना की सूचना एसएसपी आवास को दी गई, तो वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह, एसपी सिटी शैलेष पांडे, क्षेत्राधिकारी नगर चक्रपाणि त्रिपाठी भी मौके पर पहुंच गए और एसएसपी ने घटनास्थल का मुआयना करने के साथ ही फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट एवं डाॅग स्क्वायर्ड बुला लिए तथा कोतवाली प्रभारी चन्द्रभान सिंह राठौर को घटना के शीघ्र खुलासे एवं चोरों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस का मानना है कि चोर कोठी के पिछवाड़े स्थित मथुरा-वृंदावन रेल लाइन के किनारे स्थित गेट से किसी तरह छत पर चढ़े और सीढि़यों से होकर मकान में अंदर प्रवेश पा गए।
जनपद के कद्दावर राजनीतिज्ञ एवं मांट क्षेत्र के विधायक श्यामसुंदर शर्मा के आवास से चोरी की घटना की जानकारी होने पर हर आदमी आश्चर्य व्यक्त करने को मजबूर है। कोठी पर सुरक्षा के लिए तैनात पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद चोरों द्वारा इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिए जाने से लोगों में भय व्याप्त है तथा जनपद पुलिस से भी भरोसा उठ रहा है।





