मथुरा। खेत पर सो रहे वृद्ध की बीतीरात गला दबाकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी परिजनों को प्रातः हुई तो परिवार में हा-हाकार मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना नौहझील क्षेत्र के गांव पारसोली निवासी 65 वर्षीय रामकिशन पुत्र अमर सिंह प्रतिदिन की तरह लालपुर रोड स्थित अपने खेत पर सोने गया था, प्रातः जब वह घर नहीं पहुंचा तो उसका बेटा कान्हा खेत पर पहुंचा। वहां रामकिशन चारपाई पर पड़ा था, जब उसने पिता को जगाने का प्रयास किया, तो उसे पता चला कि पिता की मौत हो चुकी है। जब उसे उढ़ाई गई चादर को कान्हा ने उठाया, तो गले में अगोछे से फंदा लगा हुआ था, कान्हा के शोर मचाने पर पड़ौसी किसान एकत्र हो गए और घटना की सूचना इलाका पुलिस को दी। तो थाना नौहझील पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा ले, मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। समाचार लिखे जाने तक मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।





