मथुरा। बरसाना में धार्मिक महत्व को देखते हुए व आये दिन श्रद्धालु महिलाओं से छेड़खानी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों व सन्तों ने बैठक कर कस्बे से शराब की चारों दुकानों को बन्द कराये जाने का निर्णय लिया गया था। इसी के चलते जिला प्रशासन को कुछ समय देकर दुकानें बन्द कराने की चेतावनी दी गई थी लेकिन जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीणों की मांगों पर गंभीरता से नहीं लिया और इसी के चलते शराब की दुकानें अनवरत चलती रही। इससे कुपित होकर बरसाना व आसपास के ग्रामीणों ने एक बैठक की तथा बैठक में एक स्वर से दुकान बन्द कराये जाने का निर्णय लेते हुए स्वयं दुकानों पर पहुंच कर शराब के ठेके बन्द कराये जाने का निर्णय लिया। इसी के चलते सैकडों ग्रामीण व साधु सन्त एकत्रित हुए और कस्बे में चल रही शराब की दुकानों पर पहुंच गये और दुकानों के शटर बन्द कर जबरन उनमें ताले डाल दिये।





