मेडीकल स्टोरों के छापे की खबर के बाद दवाओं की दुकानें बंद
दुकानदार दुकानें बंद कर रफूचक्कर
मथुरा। सहायक आयुक्त ड्रग्स के निर्देशन में आज मंगलवार मथुरा शहर के दवाई विक्रेताओं की दुकानों पर अलग-अलग क्षेत्रों में छापामार कार्यवाही की गयी, जिससे दवा विक्रेताओं मंे हड़कंप मच गया। इस दौरान ड्रग निरीक्षकों ने दवाओं की दुकानों पर सैम्पल लिये और बिल बुक भी चैक की। मण्डल की कई टीमों ने एक साथ शहर के होलीगेट, आर्यसमाज, रंगेश्वर सहित शहरभर के दवा विक्रेताओं के यहां छापामार कार्यवाही की गयी। जिला अस्पताल के सामने बंसल मैडिकल स्टोर और गुप्ता मैडिकल स्टोर के अलावा आगरा रोड पर भी एक दवा की दुकान पर छापामार कार्यवाही की गयी। यहां पर ड्रग्स विभाग के लोगों ने सैम्पल लिये और दवाओं का निरीक्षण किया और दवाओं के बिल भी देखे। छापे की सूचना के बाद शहर के विभिन्न दवा विक्रेता अपने-अपने क्षेत्रों की दुकानें बंद कर रफूचक्कर हो गये।





