दीन दयाल उपाध्याय विश्व विद्यालय गोरखपुर मे बने दो मंजिला मूल्यांकन भवन का लोकार्पण करते शिवपाल यादव एवं माता प्रसाद पाण्डेय
बन्धों व बाढ़ बचाव सम्बन्धी कार्य 15 जून तक पूरा न होने पर होगी कठोर कार्यवाही
राजस्व वादों का निस्तारण प्रमुखता से किया जाये- शिवपाल यादव
लखनऊ। प्रदेश के लोक निर्माण, सिंचाई जल संसाधन, सहकारिता, राजस्व, अभाव, सहायता, पुर्नवास तथा लोक सेवा प्रबंधन मंत्री शिवपाल सिंह यादव तथा विधान सभा अध्यक्ष उ0प्र0 माता प्रसाद पाण्डेय द्वारा आज जनपद गोरखपुर में लगभग 8.5 करोड़ की लागत से दीन दयाल उपाध्याय विश्व विद्यालय गोरखपुर के परिसर में बने दो मंजिला मूल्यांकन भवन का लोकार्पण किया गया। भवन के अन्दर 6 बड़े एवं 4 छोटे कमरे व 8 केबिन है। यह भवन 18 माह में तैयार हुआ है। लोकार्पण के पश्चात लो0नि0वि0 मंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष द्वारा मूल्यांकन भवन का निरीक्षण किया गया तथा कार्य की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया गया।
मंत्री श्री यादव ने विभागीय अधिकारियों के साथ विभागीय कार्यों के प्रगति की समीक्षा के दौरान बाढ़ खण्ड के अधिकारियों को निर्देश दिये कि बंधों की मरम्मत एवं बाढ़ बचाव से संबंधित सम्पूर्ण कार्य 15 जून तक प्रत्येक दशा में पूर्ण कर लिए जायें, किसी भी स्थिति में कार्य अवशेष नही होने चाहिए अन्यथा संबंधित अभियंता की जिम्मेदारी सुनिश्चित की जायेगी। उन्होंने सिंचाई विभाग के कार्य प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि शासन द्वारा उपलब्ध धनराशि का सही समय से गुणवत्तायुक्त ढंग से उसका उपयोग कर लिया जाये तो बाढ़ की स्थिति उत्पन्न नही हो सकती है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि समय से कार्य को पूरा किया जाये वरना संबंधित अभियंता के विरूद्ध कार्यवाही सुनिश्चित होगी। उन्होने नहरों की शिल्ट सफाई समय से कराने के साथ ही यह भी कहा कि जिलाधिकारी एवं सीडीओ शिल्ट सफाई कार्यों की गुणवत्ता की जांच करा लें। श्री यादव ने जनपद की क्षतिग्रस्त सड़कों को प्रमुखता के आधार पर मरम्मत कराने के साथ ही गड्ढ़ामुक्त करने पर विशेष बल देते हुए कहा कि प्राथमिकता के आधार पर गोरखपुर पिपराइच मार्ग, रामजानकी मार्ग, कौड़ीराम गोला मार्ग आदि की मरम्मत करा दिया जाये। उन्होंने राजस्व वादों का निस्तारण प्रमुखता के आधार पर करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को देते हुए कहा कि वादों को लंबित न रखा जाये तथा तहसीलदार, नायब तहसीलदार आदि नियमित रूप से कोर्ट करें। बैठक में विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पाण्डेय, विधायक रामकोला पूर्णमासी देहाती, मंडलायुक्त राकेश कुमार ओझा, डीआइजी संजीव कुमार गुप्ता, जिलाधिकारी रंजन कुमार, कुलपति अशोक कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार यादव, मुख्य विकास अधिकारी कुमार प्रशान्त सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी गण उपस्थित रहे।





