प्रदेश का किसान सूखा से ग्रस्त-परन्तु जन्मदिन पर 100 करोड का खर्चा
ढाई करोड़ के मंच पर केक - सरकारी साधनों का दुरूपयोग
क्या यह सहिष्णुता है। या असहिष्णुता - रविकान्त गर्ग
मथुरा। प्रदेश के पूर्वमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता रविकांत गर्ग ने समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह, प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर जन्मदिन को शाही अंदाज में मनाने को समाजवाद की नई परिभाषा रचने का आरोप लगाया है। श्री गर्ग ने सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन की बधाई। परन्तु समाजवादियों द्वारा जन्मदिवस को शाही अंदाज में मनाये जाने के लिये सरकारी संसाधनों एवं राजकोष का दुरूपयोग करके 100 करोड़ से अधिक का खर्चा किये जाने पर आपत्ति जाहिर की है।
पूर्वमंत्री श्रीगर्ग ने प्रदेश सरकार पर प्रदेश में सूखा से पीड़ित किसानों का उपहास उड़ाने का आरोप लगाते हुये कहा है कि एक ओर जब किसान लगातार अपनी तीन फसलें बर्बाद कर चुका हो और उसके आंसू पोछने के लिये पिछले वर्ष के सूखा राहत तथा फिर ओला वृष्टि जैसी आपदा और अब इस वर्ष फिर प्रदेश के 75 जिलों और क्षेत्र में पडे“ सूखा के एवज में कोई सहायता राशि प्रदान नही की गई हो, और उसके बाद समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा बेहद शाही अंदाज में बिखरती हुयी सतरंगी घटा तथा ससुराल गेंदा फूल और न कजरे की धार पर थिरकते हुये फिल्मी सितारों के मध्य एथलेटिक्स स्टेडियम में ढाई करोड़ रूपये से अधिक के सरकारी खर्चे पर निर्मित मंच पर समाजवादी झण्डा लम्वरदार मुलायम सिंह का केक काटकर प्रदेश के पीड़ित किसानों को उनकी बेबसी पर चिढ़ाने और गहरे घावों पर नमक छिड़कने का कार्य किया है। श्री गर्ग ने आरोप लगाया है कि पहले सैफई में आयोजित कार्यक्रम फिर लखनऊ और प्रदेश के विभिन्न इलाकों में आयोजित कार्यक्रमों में लाखों सरकारी कर्मचारी और सुरक्षा कर्मियों का दुरूपयोग करके प्रदेश और देश की जनता के समक्ष समाजवाद की पुरातन परिभाषा को बदलकर नई परिभाषा रचने का कार्य किया किया है, जबकि प्रदेश में कानून व्यवस्था और अराजकता तथा प्रशासनिक भृष्टाचार का ताण्डव हो रहा है। श्री गर्ग ने सभी समाजवादी और सहिष्णुता के झण्डा लम्बरदारों से भी प्रश्न किया है कि यह कार्य सहिष्णुता की परिभाषा में है या असहिष्णुता की इसे भी देश-प्रदेश की जनता के समक्ष स्पष्ट करें।





