मथुरा। पुलिस एवं विद्युत विभाग की लापरवाही से जमुनापार थाने के ढहरूआ गांव में फिर सशस्त्र बदमाशों ने हत्या व लूट को अंजाम दिया है। जमुनापार थाने के ढहरूआ गांव स्थित सिद्धार्थ नगर कालोनी के एक मकान पर धावा बोलकर आधा दर्जन सशस्त्र बदमाश गृहस्वामी की चाकूओं से गोदकर हत्या कर पत्नी को गंभीर रूप से घायल कर हजारों रूपये मूल्य की नगदी व जेवरात लूट ले गये। आधी रात में हुयी इस दुस्साहसिक वारदात की खबर मिलने के बाद पुलिस सुबह साढे चार बजे घटनास्थल पर पंहुची जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
मिली जानकारी के अनुसार सिद्धार्थ नगर में रहने वाले 45 वर्षीय सुरेश शर्मा पुत्र चरन सिंह बीतीरात अपनी पत्नी विमलेश व दो छोटे बच्चों के साथ छत पर सोये हुये थे तभी आधा दर्जन सशस्त्र बदमाशों ने उन पर हमला बोल दिया। बदमाशांे ने सुरेश की चाकूओं से गोदकर हत्या कर दी और पत्नी विमलेश को गंभीर रूप से घायल कर दिया जिन्हें इलाज के लिये जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छत पर घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश सीढियों के रास्ते सुरेश के मकान में नीचे उतर गये जहां उनकी बेटी 15 वर्षीय मालती व 14 वर्षीय प्रियंका सोयी हुयी थीं। बदमाशों ने दोनों बेटियों को जगाकर उनसे नगदी व जेवरात के बारे में पूछताछ की। लड़कियों ने जब मना किया तो उनके साथ मारपीट कर उन्हें भी घायल कर दिया और घर के कमरे में बक्से में रखे चार हजार रूपये नगद व चांदी की पायजेब और सोने की अंगूठी लेकर मौके से भाग गये। बताया जाता है कि बदमाशों को पैदल आते और पैदल जाते ही देखा गया। घटना रात्रि एक-डेढ बजे के मध्य हुयी बतायी जाती है। घायलों के चीखने-चिल्लाने की आवाज से पूरी कालोनी में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर पंहुच गये। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी लेकिन बताते हैं कि घटना के करीब डेढ-दो घंटे बाद पुलिस पंहुची जिसे लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।





