तहसील दिवस सीडीओ मनीष कुमार वर्मा शिकायतों को सुनते हुए
148 शिकायतें प्राप्त हुई आठ का मौके पर ही निस्तारण
लम्बित शिकायतों का निस्तारण अधिकारी त्वरित गति से करें: सीडीओ
मथुरा। मुख्य विकास अधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों से कहा है कि एक माह व एक माह से अधिक लम्बित शिकायतों का निस्तारण त्वरित गति से किया जाय। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाय। श्री वर्मा आज तहसील मांट में आयोजित तहसील दिवस की अध्यक्षता कर रहे थे। मंगलवार के तहसील दिवस में कुल 148 शिकायतें प्राप्त हुई जिसमें से आठ शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को सम्बन्धित विभागों को त्वरित निस्तारण के निर्देश के साथ दे दिया गया। विगत तहसील दिवसों में प्राप्त एक माह अथवा एक माह से अधिक लम्बित शिकायतों को त्वरित निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाय। उन्होंने कहा कि शिकायतों का सत्यापन अवश्य किया जाय और निस्तारित शिकायतों की जानकारी शिकायत कर्ता को अवश्य दी जाय।इस अवसर पर श्री वर्मा ने सभी अधिकारियों को जानकारी दी कि जनपद में दो चरणों में 07 व 10 सितम्बर को 0-5 वर्ष तक के बच्चों के वजन किये जाने हेतु एक अभियान चलाया जायेगा ताकि जनपद में कुपोषित तथा अतिकुपोषित बच्चों की वास्तविक संख्या का पता लगाया जा सके। उन्होंने बताया कि इस अभियान को चुनाव की तरह एक चुनौती के रूप में लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में जिन अधिकारियों की ड्यूटी नहीं लगाई गई है वे अधिकारी भी आंगनबाडी केन्द्रों पर अवश्य जायें और ये देखें कि 0-5 वर्ष के बच्चों का वजन सही ढंग से हो रहा है कि नहीं। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डा विवेक मिश्र, उप जिलाधिकारी अन्जनी कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी पीयूष कुमार सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए डा एके बाजपेयी, समाज कल्याण अधिकारी डा. उमाशंकर शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक भाष्कर मिश्र, जिला पूर्ति अधिकारी केपी मिश्र, जिला विकलांग कल्याण अधिकारी श्याम सुन्दर इकनौरिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।





