मथुरा। अतिक्रमण हटाओ अभियान एक दिन के बाद नहीं चला लेकिन शहर के भीतरी बाजार और आर्यसमाज रोड क्षेत्र में कुछ दुकानदार अब स्वतः ही संज्ञान लेकर अपने-अपने अतिक्रमण हटाने में लग गये हैं। अतिक्रमण करने वाले बोर्ड और अन्य स्थानों को सुरक्षित किया जा रहा है ताकि किसी प्रकार का अतिक्रमण न हो। होलीगेट अंदर कई दुकानदारों ने अपने बोर्ड स्वतः ही पीछे कर लिये है तो कुछ लोगों ने अपने चबूतरे भी हटवा दिये हैं। ये सभी अतिक्रमण की जद में आ रहे हैं। हालांकि प्रशासन द्वारा पूरे अंदर के बाजार में चिन्हांकन किया गया है इसको लेकर कई दुकानदार स्वतः ही अतिक्रमण हटाने लग गये हैं। होलीगेट से आर्यसमाज रोड वाले मार्ग पर भी आज कई दुकानदारों को अपने बोर्ड हटाते देखा गया। नालियों के ऊपर अतिक्रमण को हटाया जा रहा है जिससे आवागमन में किसी को असुविधा का सामना न करना पड़े। अगर ऐसा ही दुकानदार करने लगें तो अपने आप अतिक्रमण नहीं होगा। व्यापारियों की यह अच्छी पहल मानी जा रही है।





