
नई दिल्ली : हरिशंकर ब्रह्मा ने 19वें मुख्य चुनाव आयुक्त का पदभार संभाल लिया है। निवर्तमान मुख्य चुनाव आयुक्त वीएस संपत ने गुरुवार को अपना कार्यकाल पूरा होने के बाद पद छोड़ दिया था।
इससे पहले ब्रह्मा 25 अगस्त, 2010 से चुनाव आयुक्त के पद पर थे। भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1975 बैच (एपी काडर) के अधिकारी ब्रह्मा चुनाव आयोग में आने से पहले ऊर्जा मंत्रालय में सचिव के पद पर थे। 19 अप्रैल, 1950 को जन्मे ब्रह्मा ने गुवाहाटी विश्वविद्यालय (असम) से राजनीतिक विज्ञान में स्नातकोत्तर और सेंट एडमंड्स कॉलेज, शिलांग से स्नातक की डिग्री हासिल की थी। उन्होंने डोन बॉस्को स्कूल, गुवाहाटी से अपनी पढ़ाई पूरी की थी। वह भारत सरकार और राज्य सरकार में विभिन्न वरिष्ठ पदों पर रहे हैं।
नए मुख्य चुनाव आयुक्त का पदभार संभालने के बाद ब्रह्मा ने अपनी प्राथमिकताओं को गिनाते हुए कहा कि यह उनका व्यक्तिगत प्रयास रहेगा कि चुनाव प्रबंधन की गुणवत्ता को सुधारने के लिए नई तकनीकों का इस्तेमाल किया जाए। ईसीआई 25 जनवरी को इलेक्ट्रॉनिक मतदाता सूची प्रबंधन प्रणाली (ईआरएमएस) की राष्ट्रव्यापी शुरुआत करने की घोषणा करेगा, जो राष्ट्रीय स्तर पर मतदाता सूची उपलब्ध कराएगा, जिसमें मतदाता अपने सम्पूर्ण विवरण को देख सकेंगे।
ब्रह्मा ने कहा कि आयोग उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के बाद एनआरआई मतदाताओं के लिए मतदाता अधिकारों को बढ़ाने के लिए आधारभूत कार्य योजना बनाएगा।





