लूट के जेवर व नगदी सहित तीन गिरफ्तार
मथुरा। थाना हाइवे क्षेत्र के विश्व लक्ष्मी नगर में हुई लूट का खुलासा करते हुए इलाका पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गए सोने के जेवर व नगदी सहित अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। पुलिस आरोपियों के तीन फरार साथियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। पकड़े गए तीनों अभियुक्तों को आज न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस लाइन स्थित सभागार में एसपी सिटी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार बीती रात थाना हाइवे प्रभारी अरविन्द कुमार मय पुलिस बल के रात्रि गश्त कर रहे थे, इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि 29 मार्च को विश्व लक्ष्मी नगर काॅलौनी में अधिवक्ता के यहां दिन दहाड़े हुई लूट के तीन आरोपी सिल्वर कलर की आल्टो गाड़ी में बैठकर गोवर्धन चैराहे पर किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार ने फोन पर सूचना दे स्वाट टीम के पुलिस बल को बुला लिया और गोवर्धन चैराहे पर पहुंच बताई गई आल्टो कार को घेर कर उसमें सवार तीन लोगों को थाना हाइवे लाकर पूछताछ की। इन बदमाशों ने पूछताछ में अपनी शिनाख्त वीरेन्द्र फौजी पुत्र राजाराम निवासी डकौरा, थाना होडल जिला पलवल हरियाणा तथा मथुरा जनपद के ही थाना सुरीर के गांव जरारा निवासी राधेश्याम पुत्र मानचंद तथा सुनील पुत्र भंवर सिंह निवासी नगला सुदामा थाना मांट मथुरा के रूप में की तथा अपने फरार साथियों के नाम अमित पुत्र वेदप्रकाश निवासी बस स्टैण्ड के पीछे पलवल हरियाणा तथा यहीं के निवासी उमेश पुत्र ओमप्रकाश एवं रवि बताए हैं। पुलिस इन फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। एसपी सिटी के मुताबिक पकड़े गए तीनों लुटेरों से अधिवक्ता के यहां से लूटी गई दो सोने की जंजीर, दो अंगूठी तथा 45 हजार रुपए की नगदी बरामद करने के साथ ही तीन तमंचे व आधा दर्जन कारतूस बरामद किए गए हैं। इस लूट के खुलासे पर एसपी सिटी शैलेन्द्र कुमार ने अभियुक्तों को गिरफ्तार करने वाली थाना हाइवे पुलिस एवं स्वाट टीम के कर्मियों को पांच हजार रुपए का नगद ईनाम दिया है। पुलिस के अनुसार इन अभियुक्तों से मिली आल्टो गाड़ी भी चोरी की बताई जा रही है।





