मथुरा। अखिल भारतीय ब्रज मंडल क्षत्रिय राजपूत महासभा के बैनर तले एक दर्जन गांवों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं व क्षेत्रवासियों ने आझई व जैंत के समीप हाइवे पर अंडरपास बनाने की मांग उठाई है। हाइवे के अधिकारियों के आश्वासन के बाद उन्होंने अपना आंदोलन शान्त किया। महासभा के महामंत्री ठा0 थान सिंह की अगुवाई में सैकड़ों कार्यकर्ता व क्षेत्रवासी एकजुट होकर आझई मोड के समीप हाइवे पर जा पहुंचे। एक बार तो हाइवे जाम सा हो गया। मगर कार्यकर्ताओं ने एक साइड में होकर अपनी मांगों के नारे लगाए। सूचना मिलते हाइवे आॅथारिटी के जेई सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनी और उन्हें आझई व जैंत पर अंडरपास बनवाने का आश्वासन दिया। आंदोलनकारियों ने प्रशासन को चेतावनी भी दी अगर हाइवे पर आझई व जैंत के समीप कट कोई अंडरपास नहीं बनाया गया तो यहां हाइवे नहीं बनने देंगे। ठा0 थान सिंह ने बताया कि यहां से करीब एक दर्जन गांवों को रास्ता है। रोजाना हजारों छोटे बडे वाहन गुजरते हैं। अंडर पास न बनने से लोगों को बडी परेशानी उठानी पडेगी। उन्होंने बताया कि आझई कला, आझई खुर्द, नगला चिरंजी, नगला बाह्मण, बढौता, शिवाल, पेलखू, बझेरा, भरना कला, कोन्हई, जुल्हैंदी, बसौती, राल, नगला माली, राधाकुंड, सहार होकर गोवर्धन तक इसी रास्ते से लोगों का आवागमन है। मगर दोनो जगह अभी तक अंडरपास प्रस्तावित नहीं हैं। इस मौके पर भगवान सिंह प्रधान, वेदराम प्रधान, गोविंद, तुलाराम प्रधान, चिरंजी प्रधान, कन्हैया, चन्द्रभान सिंह, अजय पाल सिंह, पूर्व प्रधान भूपेन्द्र सिंह, नवरत्न शर्मा, राजीव शर्मा, देवकी नंदन, हरीकांत, श्याम बिहारी आदि मौजूद रहे।





