आम आदमी पार्टी अब दिल्ली से निकलकर देश के दूसरे हिस्सों में पहंचने लगी है। दिल्ली में तीन बार सरकार बनाने में सफल रही पार्टी पहली बार पंजाब जैसे एक बड़े राज्य में अपनी सरकार बनाने जा रही है। साथ ही, गोवा और उत्तराखंड में भी पार्टी ने अपने निशान बनाए हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य और लोगों के लिए उपलब्ध कुछ सहूलियतों व एक हद तक मुफ्त की राजनीति पर काम करने के चलते पार्टी को ये सफलताएं मिली हैं।
लेकिन, अब नया सवाल यह है कि अरविंद केजरीवाल के कंधों पर बैठकर पार्टी ने यहां तक का सफर तो पूरा तय कर लिया पर क्या अब आगे भी पार्टी इसी तरह चल पाएगी या पार्टी के मूलभूत ढांचे में बड़े परिवर्तन होंगे?
मोदी काल में जब परिवारवादी और एक व्यक्ति के रहमोकरम पर चल रही पार्टियों को कई बार असहज स्थितियों का सामना करना पड़ता रहा है तो ऐसे में अरविंद केजरीवाल अब अपने लिए आगे का रास्ता क्या सोचेंगे। यह एक अहम सवाल है।
अरविंद केजरीवाल या कहें कि आम आदमी पार्टी की कार्यप्रणाली अब तक कुछ ऐसी रही है कि स्थापना के समय के कई दिग्गज या तो पार्टी से बाहर निकाल दिए गए हैं या वे खुद हाशिये पर चले गए हैं। पार्टी में संगठन के नाम पर सिर्फ अरविंद केजरीवाल ही हैं। पार्टी से जुड़े सभी फैसले या तो अरविंद केजरीवाल लेते हैं या वह ऐसा करते हुए प्रतीत होते हैं। फिलहाल, पार्टी में ऐसा तंत्र नहीं दिखता जो सामूहिक फैसले और संगठनात्मक चुनाव जैसी सांविधानिक गतिविधियों को होते दिखाता हो।
यहां यह याद रखना बहुत जरूरी है कि किसी भी राजनीतिक पार्टी की सफलता में उसका संगठन अहम भूमिका निभाता है। जब तक कांग्रेस का संगठन मजबूत रहा तब तक वह सत्ता में रही या सत्ता के बहुत निकट रही। बीजेपी की ताकत भी आज उसके अप्रतिम संगठन के चलते ही है। जबकि, आम आदमी पार्टी सहित सभी क्षेत्रीय पार्टियों में संगठन की स्थिति बहुत दयनीय है। पांच राज्यों में हुए इन चुनावों के परिणाम भी इन दलों की संगठनात्मक दुर्दशा को बयान कर रहे हैं।
मोदी, योगी और बीजेपी की हालिया सफलताओं के पीछे जहां संगठन की पूरी ताकत लगी हुई है वहीं, एक बेहतर विकल्प न होना भी उनके आंकड़ों में वृद्धि करता है। ऐसे में आम आदमी पार्टी की सफलता लोकतंत्र की इसी भूख की ओर इशारा कर रही है। देर-सवेर, एक स्वस्थ लोकतंत्र विकल्प तलाश ही लेता है। आप के बढ़ते कदम इसकी पुष्टि करते हुए दिख रहे हैं।
लेकिन, इन बढ़ते कदमों की गति बनाए रखने के लिए पार्टी को अब अपने संगठन पर ध्यान देने की जरूरत है। केजरीवाल यदि पार्टी में मौजूद कर्मठ कार्यकर्ताओं को दायित्व देने में कंजूसी बरतना खत्म करें और अपनी स्थापना के समय उन्हें दिए जाने वाले महत्व को दोबारा शुरू करें तो पार्टी को और ज्यादा फायदा होगा। जनता विकल्प ढूंढती है, ढूंढ रही है।

Related Items
कांग्रेस का नेतृत्व कर रहे हैं राहुल गांधी या पार्टी को ले जा रहे हैं गर्त की ओर...
स्टार, आईसीआईसीआई या नीवा बुपा : किसका स्वास्थ्य बीमा है बेहतर?
पत्रकारिता और राजनीति के बीच ‘एच’ का पेंच