जब आगरा की सांसें धुएं और धरोहर के बीच अटक गईं…


आगरा की हवा में आज सिर्फ़ धूल ही नहीं बल्कि एक सुलगता हुआ सवाल भी घुला हुआ है। क्या जीवनयापन की ज़रूरत, जीवन की गुणवत्ता से ऊपर है? एक तरफ़ वे आवाज़ें हैं जो चीख़-चीख़ कर कहती हैं कि "बिना उद्योग के पेट नहीं भरता।" दूसरी ओर वे चिंतित फुसफुसाहटें जो कहती हैं कि "बिना ताज के पहचान मिट जाएगी।" यह टकराव अब सुप्रीम कोर्ट की शानदार इमारत तक पहुंच चुका है, जहां तर्कों की तलवारें भिड़ रही हैं। और, इन सबके बीच, ताज महल मौन, सफ़ेद पत्थर का एक विशाल सवाल बनकर खड़ा है, जिसका जवाब आगरा की धूल-धूसरित हवा में तैर रहा है।

आगरा, जो कभी मुग़लिया सल्तनत का दिल था, आज एक विभाजित शहर है। यहां उद्योग की हड्डी-तोड़ भूख और विरासत की नाजुक दीवारें आमने-सामने हैं। बीते 8 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट में यह जंग एक बार फिर से तेज़ हुई। चीफ जस्टिस भूषण आर गवई के सामने वही पुराना मुद्दा था। एमसी मेहता की वह ऐतिहासिक याचिका, जो ताजमहल को 'मार्बल कैंसर' से बचाने की लड़ाई का प्रतीक बन चुकी है।

इस लड़ाई की जड़ें 1996 में हैं, जब कोर्ट ने ताज ट्रेपेज़ियम ज़ोन में कोयला-कोक आधारित फैक्ट्रियों पर प्रतिबंध लगा दिया था। 200 से ज़्यादा इकाइयां बंद हुईं या शहर से खदेड़ दी गईं। साल 2016 में सरकार ने और सख्ती दिखाई, केवल 'हरित' यानी सफेद श्रेणी के उद्योगों को ही जीने की इजाजत दी। मकसद साफ था... ताज, आगरा किला और फतेहपुर सीकरी जैसी विरासतों को बचाना।

लेकिन, क्या प्रतिबंधों ने हवा साफ की? जवाब नहीं में है। सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के मुताबिक, सितंबर महीने तक आगरा का पीएम10 स्तर 118 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर था, जो राष्ट्रीय मानक से दोगुना है। 10 अक्टूबर को एक्यूआई 153 के 'अस्वस्थ' आंकड़े पर पहुंच गया, जबकि पीएम2.5 का स्तर विश्व स्वास्थ्य संगठन के सालाना लक्ष्य से 11 गुना ज़्यादा था। ये सिर्फ़ आंकड़े नहीं हैं बल्कि यह शहर के फेफड़ों में जम रहा ज़हर है।

नेचर जर्नल के जुलाई अंक के एक अध्ययन ने इस ज़हर की कीमत बताई है। आगरा में पीएम10 प्रदूषण से स्वास्थ्य हानि 385.65 मामले प्रति लाख आबादी और आर्थिक नुकसान 135.40 अरब डॉलर तक। प्रदूषण सिर्फ़ ताज को पीला नहीं कर रहा, बल्कि लाखों लोगों की सांसों को भी छीन रहा है।

लेकिन दूसरी तरफ़, प्रतिबंधों की मार झेल रहे कारोबारियों और मज़दूरों की आवाज़ भी उतनी ही मारक है। "फैक्ट्री बंद हुई तो रोटी का जुगाड़ कहां?" यह सवाल आगरा, मथुरा और फिरोजाबाद की तंग गलियों में गूंजता है। 40 लाख की आबादी वाले इस शहर में लाखों लोग जूता, लोहा, कांच, पेठा और हस्तशिल्प पर निर्भर हैं। उद्योगपतियों का तर्क है कि असली प्रदूषक फैक्ट्रियां नहीं, बल्कि टूटी सड़कों की धूल, वाहनों का धुआं और सूखी यमुना हैं। सितंबर की एक रिपोर्ट के मुताबिक, टीटीजेड में अकेले पेठा उद्योग के 500 करोड़ रुपये और 5000 नौकरियां दांव पर लगी हैं।

इस उलझन में अप्रैल 2025 में नीरी की एक रिपोर्ट ने नया मोड़ दिया। कोर्ट के आदेश पर की गई जांच में पाया गया कि आसपास के कांच उद्योगों का ताज पर सीधा असर नहीं है। पीएम10 में उनका योगदान महज 20 फीसदी है, जबकि असली खलनायक डीजल वाहन हैं। यह रिपोर्ट उद्योगों के लिए एक राहत की सांस थी, लेकिन यह समग्र प्रदूषण की गंभीरता को कम नहीं करती है।

सुप्रीम कोर्ट की 8 अक्टूबर वाली सुनवाई ने इस जटिलता को स्वीकार किया। मुख्य न्यायाधीश गवई ने साफ कहा, "हम जज हैं, सुपर विशेषज्ञ नहीं।" अदालत ने संतुलन का रास्ता दिखाया। नीरी की रिपोर्ट के बाद अब फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट टीटीजेड में वृक्षों की गिनती करेगा। मई में कोर्ट ने टीटीजेड में अवैध कटाई पर 17 लाख का जुर्माना भी लगाकर अपनी गंभीरता जताई थी।

अब सबकी निगाहें दिल्ली स्कूल ऑफ आर्किटेक्चर के 'हेरिटेज विजन डॉक्यूमेंट' पर टिकी हैं। यही वह ब्लूप्रिंट हो सकता है जो आगरा को सांस लेने और बढ़ने, दोनों की आजादी दे सके।

डॉ. मुकुल पांडेय सही कहते हैं, "आगरा की लड़ाई दुनिया के उन शहरों जैसी है, जहां इतिहास और आधुनिकता आमने-सामने हैं।" यह लड़ाई अब जीत-हार की नहीं, बल्कि सह-अस्तित्व की है। क्या उद्योग और ताज साथ रह सकते हैं?

अगर नीतियां, तकनीक और जन-जागरूकता ने हाथ मिलाया, तो शायद एक दिन आगरा की हवा में धुएं की जगह इत्र की महक लौट आए। ताज महल सिर्फ प्यार का नहीं, बल्कि समझदारी और संतुलन का प्रतीक बने। लेकिन नवीनतम आंकड़े चेतावनी दे रहे हैं कि यह 'एक दिन' जल्द ही आना चाहिए, वरना सांसें और पहचान, दोनों दम तोड़ देंगी।



Related Items

  1. हर '20 मिनट' की चीख और ‘अस्सी’ का सवाल...!

  1. ताज तो आकर्षित करता ही है, और आगरा के नर्सिंग होम भी…

  1. ताज से आगे भी है आगरा, हो रही है एक ज़िंदा सभ्यता की अनदेखी...




Mediabharti