अतिक्रमण-मुक्त, सुरक्षित पैदल मार्ग के निर्माण की मांग


प्रिय नगर निगम आयुक्त,

महोदय,

यमुना किनारा मार्ग पर हाथी घाट से वाटर वर्क्स चौराहे तक प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिक, वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं, बच्चे, पर्यटक तथा मॉर्निंग-ईवनिंग वॉक करने वाले लोग पैदल आवागमन करते हैं। दुर्भाग्यवश इस पूरे मार्ग पर सुरक्षित और व्यवस्थित फुटपाथ का अभाव है। तेज़ रफ्तार वाहनों के बीच पैदल चलना रोज़ जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है।

सुरक्षित फुटपाथ कोई सुविधा नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। हाल ही में सर्वोच्च न्यायालय ने भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी शहरी स्थानीय निकाय नागरिकों को सुरक्षित, स्वच्छ और अतिक्रमण-मुक्त फुटपाथ उपलब्ध कराएं, ताकि पैदल चलने वालों के जीवन और गरिमा की रक्षा हो सके।

यमुना किनारा मार्ग आगरा की पहचान है। यह मार्ग पर्यटकों, स्थानीय नागरिकों और पर्यावरण प्रेमियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। हमारी संस्था रिवर कनेक्ट कैंपेन पिछले कई वर्षों से यमुना संरक्षण और नदी तट के विकास के लिए कार्य कर रही है। यदि इस मार्ग पर एक सुंदर, सुरक्षित और हरित पैदल पथ विकसित किया जाता है, तो इससे सड़क सुरक्षा बढ़ेगी, पर्यावरण को बढ़ावा मिलेगा तथा शहर की छवि भी बेहतर होगी।

अतः विनम्र अनुरोध है कि हाथी घाट से वाटर वर्क्स चौराहे तक यमुना किनारा मार्ग पर दोनों ओर सुरक्षित, चौड़ा, स्वच्छ एवं अतिक्रमण-मुक्त फुटपाथ का निर्माण शीघ्र कराया जाए। यह कार्य जनहित, पर्यावरण संरक्षण और सड़क सुरक्षा, तीनों दृष्टियों से अत्यंत आवश्यक है।

आशा है कि नगर निगम इस जनहित के विषय पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करेगा।

धन्यवाद।

भवदीय

बृज खंडेलवाल

संयोजक, रिवर कनेक्ट कैंपेन



Related Items

  1. नई ग्राफीन तकनीक इलेक्ट्रिक वाहनों को मिलेगी तेज रफ्तार

  1. ब्रज मंडल का टूटता पर्यावरण, कराह रही है यमुना...!

  1. यमुना, चंबल से कावेरी तक…, रेत माफिया से हार गई है सरकार...




Mediabharti