भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण, यानी एपीडा, ने पारंपरिक भारतीय गोली सोडा के वैश्विक पुनरुत्थान की घोषणा की है। इसे अब गोली पॉप सोडा के रूप में पुनः लांच किया गया है। यह मशहूर पेय, जो कभी घर-घर में प्रचलित था, अपने नए रूप और रणनीतिक अंतर्राष्ट्रीय विस्तार के कारण वैश्विक मंच पर उल्लेखनीय वापसी कर रहा है।
इस उत्पाद ने पहले ही वैश्विक बाजारों में मजबूत पैठ बना ली है, जिसमें अमेरिका, ब्रिटेन, यूरोप तथा खाड़ी देशों में उतारी गई खेप का सफल परीक्षण शामिल हैं। फेयर एक्सपोर्ट्स इंडिया के साथ रणनीतिक साझेदारी ने खाड़ी क्षेत्र की सबसे बड़ी खुदरा श्रृंखलाओं में से एक, लुलु हाइपरमार्केट को नियमित डिलीवरी सुनिश्चित की है। लुलु आउटलेट्स में हजारों बोतलें स्टॉक की गई हैं, जिन्हें लोगों की जबर्दस्त सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।
Read in English: India's iconic Goli Soda is now in global markets...
ब्रिटेन में, गोली पॉप सोडा तेजी से एक सांस्कृतिक घटना के रूप में विकसित हुआ है। यह उन उपभोक्ताओं को आकर्षित करता है जो पारंपरिक भारतीय स्वादों के मिश्रण को नए रूप में अपनाते हैं। यह विकास वैश्विक मंच पर भारत की समृद्ध पेय विरासत के लिए एक महत्वपूर्ण कदम का प्रतिनिधित्व करता है।
बहुराष्ट्रीय पेय कंपनियों के प्रभुत्व के कारण लगभग लुप्त हो चुके गोली सोडा को फिर से बाजार में उतारना, प्रामाणिक, घरेलू खाद्य और पेय उत्पादों को बढ़ावा देने और निर्यात करने के भारत के प्रयासों में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। आधुनिक पैकेजिंग के साथ पुरानी यादों को मिलाकर, गोली पॉप सोडा ने दुनियाभर के समकालीन उपभोक्ताओं के लिए इस प्रिय पेय को सफलतापूर्वक फिर से पेश किया है।
गोली पॉप सोडा को सबसे अलग बनाने वाली बात है इसकी नई पैकेजिंग, जिसमें एक अनोखा पॉप ओपनर है। एक बेहतर बाजार नीति ने अंतर्राष्ट्रीय बाज़ारों को आकर्षित किया है, जिससे यह पेय एक बेहतर उत्पाद के रूप में स्थापित हुआ है।
गोली पॉप सोडा सिर्फ़ एक पेय नहीं है- यह भारत की समृद्ध पाक विरासत और जीवंत पेय उद्योग का प्रमाण है। वैश्विक बाज़ारों में इस उत्पाद की बढ़ती सफलता यह साबित करती है कि घरेलू भारतीय स्वाद अंतर्राष्ट्रीय दिग्गजों के साथ प्रतिस्पर्धा कर सकते हैं, भारतीय निर्यात के लिए नए रास्ते खोल सकते हैं और वैश्विक खाद्य और पेय क्षेत्र में भारत के नेतृत्व को और मज़बूत कर सकते हैं।
Related Items
जनसंख्या वृद्धि में संतुलन से विकास को मिली है गति
ट्रंप की नई साज़िश भारत के लिए शिकंजा है या सुनहरा मौक़ा!
भारत के पड़ोस में बढ़ती सियासी अस्थिरता