नई दिल्ली । भारत के पूर्व बल्लेबाज ऋषिकेश कानिटकर व विजय मोहनराज भी भारतीय क्रिकेट टीम के कोच की दौड़ में शामिल हो गए हैं। रिपोर्टों के अनुसार दोनों पूर्व क्रिकेटर्स ने बीसीसीआई को अपना आवेदन भेज दिया है। इन दोनों के अलावा पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद, राष्ट्रीय चयन समिति के मुखिया संदीप पाटिल ने भी आवेदन किया है। कोच की होड़ में सबसे आगे भारत के पूर्व ऑलराउंडर रवि शास्त्री हैं, जो हाल ही खत्म हुए टी20 विश्व कप तक भारतीय टीम के डायरेक्टर थे। कानिटकर ने दो टेस्ट और कुछ वनडे खेले थे। वे मुख्य रूप से वर्ष 2011 में रणजी ट्रॉफी में राजस्थान की अगुवाई कर उसे खिताब दिलाने के लिए ज्यादा जाने जाते हैं। कानिटकर को 2011 में आईपीएल में कोच्चि टस्कर्स केरल का सहायक कोच बनाया गया था, लेकिन मालिकों से विवाद के बाद उन्होंने यह पद छोड़ दिया था। कानिटकर ने 2015-16 के सत्र में गोवा रणजी टीम के कोच पद की जिम्मेदारी भी संभाली थी। दूसरी ओर, विजय मोहनराज ने वर्ष 1976 से 1988 तक रणजी ट्रॉफी में मुंबई और हैदराबाद की टीमों का प्रतिनिधित्व किया था। साथ ही वे संन्यास के बाद हैदराबाद टीम के कोच व सलेक्टर रहे। वर्ष 2008 में वे डेक्कन चार्जर्स से भी मैनेजर के रूप में जुड़े थे। उल्लेखनीय है कि बीसीसीआई ने एक जून को कोच के लिए विज्ञापन दिया था। पूर्व कोच डंकन फ्लेचर का कार्यकाल पिछले साल वनडे विश्व कप के बाद खत्म हो गया था। माना जा रहा है कि कोच के लिए चयन प्रक्रिया 24 जून या इससे पहले खत्म हो जाएगी जो बीसीसीआई वर्किंग कमेटी की धर्मशाला में होने वाली बैठक की तारीख है।
साभार-khaskhabar.com






Related Items
यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में यूं शामिल हुई दीपावली...
एकता के लिए दौड़ में दौड़े 2000 प्रतिभागी
रणजी सेमीफाइनल : पृथ्वी शॉ मुंबई टीम में शामिल