
सेवा में
माननीय रेल मंत्री भारत सरकार
नई दिल्ली
परम आदरणीय महोदय,
ब्रज बचाओ समिति रेल मंत्रालय से मांग करती है कि मथुरा-वृन्दावन के बीच दशकों से चल रही हेरिटेज रेल सेवा को नए कलेवर में यात्रियों की सुविधा के लिए तुरंत चालू किया जाए। लम्बे समय से इस रूट पर चलने वाली रेल और बस सेवा भी बंद पड़ी है। इसे पुनः चालू किया जाए तथा इसके चक्कर बढ़ाए जाएं। रेलवे इसे घाटे का सौदा बताकर बंद करना चाहती है जो ब्रजवासियों और यहां आने वाले तीर्थयात्रियों के साथ उपेक्षित व्यवहार है।
नार्दन ईस्टर्न रेलवे काफी समय से इस सुविधा को बंद करने की फिराक में है जबकि आम जनता इस रेल बस सेवा को बेहद जरूरी और किफायती मानती है। मथुरा जंक्शन स्टेशन से वृन्दावन तीर्थ यात्रा करने आने वाले साधारण लोगों के लिए यह रेल बस सेवा बेहद जरूरी है।
समिति सदस्यों का मानना है कि वृन्दावन स्टेशन से इस रेल बस को आगे छटीकरा क्रॉसिंग तक विस्तार दिया जाए और अलवर रेलवे लाइन से इसे जोड़ा जाए। इससे वाहनों से उत्सर्जित प्रदूषण पर प्रभावी रोक लगेगी और ब्रज मंडल आ रहे यात्रियों को काफी सुविधा भी होगी।
इस रेल बस से पर्यटन को बढ़ावा मिल सकता है। इस रूट पर रेलवे का सबसे छोटा रेल मार्ग है जो महज 15 किलोमीटर का आना-जाना करती है। इस रेल बस को इतना बेहतर बनाया जाना चाहिए जिसमें देशी-विदेशी पर्यटकों और तीर्थयात्रियों को मथुरा-वृन्दावन के साथ-साथ ब्रज के प्रमुख तीर्थस्थलों की जानकारी उपलब्ध हो तथा इसे एक ‘हैरिटेज ट्रेन’ के रूप में जाना जा सके।
पर्यटकों को प्रभावित करने के लिए इसमें सभी सुविधाओं के साथ इसे सुसज्जित किया जाए जिससे इसका अधिक से अधिक उपयोग विदेशी पर्यटक कर सकें। श्री कृष्ण जन्म स्थान पर बने हाल्ट स्टेशन की दुर्दशा को ठीक किया जाए तथा इसे पुनः चालू किया जाए जिससे श्री कृष्ण जन्म स्थान के दर्शन के लिए भी तीर्थयात्री इस स्टेशन का उपयोग कर सकें।
वर्षों पहले इस रूट पर एक सवारी गाड़ी को चलाया जाता था। अब इसके संचालन को बंद कर दिए जाने से मथुरा से वृन्दावन तक के स्टेशन बेकार पड़े हैं तथा इनकी बेशकीमती जमीनों पर कब्जे भी हो रहे हैं।
एक लम्बे समय से यह यात्री सुविधा बंद है, जिसका चलन अधिक मास में लगने वाले मेले से पूर्व शुरू हो जाना चाहिए।
वृंदावन जाने को रेल बस कब से चलेगी...? श्रीकृष्ण स्थली पर आवागमन करने वाले हर किसी श्रद्धालु के मन में यह सवाल चल रहा है। मथुरा-वंदावन रूट पर चलने वाली रेल बस पिछले तीन माह से बंद क्यों पड़ी है। इससे न सिर्फ आम आदमी परेशान है बल्कि इससे दूर से आने वाले श्रद्धालु भी प्रभावित है। रेल प्रशासन भी इस गंभीर समस्या के निवारण को उचित कदम नहीं उठा रहा है।
आभारी
ब्रज वासी
मनोज चौधरी, सुनील शर्मा, पवन गौतम, श्रवण कुमार, रहीश कुरेशी, पंकज दीक्षित, सुवीर सेन, संजीव सिंह, जाहिद सईद, कुंज बिहारी भारद्वाज व अनेक सिंह
8 जून 2015





