ब्रिसबेन । पाकिस्तान क्रिकेट का शुरू से ही विवादों से नाता रहा है। पाकिस्तान के खिलाड़ी अक्सर अनुशासनहीनता के कारण सुर्खियों में रहते हैं और एक बार फिर ऐसी ही घटना सामने आई है। दरअसल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यहां गुरुवार से होने वाले पहले टेस्ट से पहले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज वहाब रियाज और लेग स्पिनर यासिर शाह आपस में भिड़ गए।
टीम के ट्रेनिंग सेशन के दौरान यह वाकया हुआ। उस समय सभी खिलाड़ी फुटबॉल खेल रहे थे। इस घटना की जो फोटो सामने आई है, उसमें यासिर साथी खिलाड़ी वहाब को धक्का देते नजर आ रहे हैं। कोच माइक अर्थर ने दोनों खिलाडिय़ों को अलग करवाया और फिर उन्हें पूरे ट्रेनिंग सेशन से बाहर कर दिया गया।
हालांकि, मामले को दबाने के लिए पाकिस्तानी टीम प्रबंधन ने ऐसी किसी भी घटना से इनकार किया है। पाकिस्तानी टीम के अधिकारी अमजद हुसैन ने कहा कि दोनों के बीच कोई गंभीर मामला नहीं था। उल्लेखनीय है कि वहाब पहले टेस्ट के लिए पाकिस्तानी टीम का हिस्सा हैं, जबकि यासिर चोट के कारण बाहर हैं। इस बीच, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने झड़प को गंभीरता से लिया है। पीसीबी चेयरमैन शहरयार खान ने मीडिया से कहा कि वे फुटबॉल सत्र के दौरान हुई इस घटना के बारे में सुनकर काफी निराश हुए। उन्होंने कहा कि मैं नहीं जानता कि क्या हुआ क्योंकि अभी तक टीम एकजुट और अनुशासित थी। यह अनुशासन नहीं है और हमने टीम प्रबंधन से इस घटना की रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट देखने के बाद अगर जरूरी हुआ तो दोनों खिलाडिय़ों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
साभार-khaskhabar.com






Related Items
सहकारिता मॉडल पर जल्द ही शुरू होगी टैक्सी सेवा
तमिल नाडु विधान सभा चुनावों से पहले पक रही है ‘खिचड़ी’
उत्तर प्रदेश में पहले से बेहतर हुई है कानून व्यवस्था