डरबन । मैन ऑफ द मैच बाएं हाथ के बल्लेबाज डेविड मिलर (नाबाद 118 रन) की विस्फोटक पारी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने यहां बुधवार को खेले गए तीसरे वनडे में विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को चार गेंद पहले चार विकेट से हराकर सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली।
पांच मैच की सीरीज का चौथा वनडे नौ अक्टूबर को पोर्ट एलिजाबेथ में खेला जाएगा। दक्षिण अफ्रीका ने वनडे इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा लक्ष्य (372 रन) हासिल किया। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के ही खिलाफ 2006 में 434 के लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा किया था। दक्षिण अफ्रीका को हाशिम अमला और विकेटकीपर क्विंटन डी कॉक ने तेज़ शुरुआत दी। अमला 45 रन बनाकर आउट हुए। कॉक ने कप्तान फाफ डु प्लेसिस के साथ 74 रन जोड़े। हालांकि ऑस्ट्रेलिया ने मैच में वापसी की दक्षिण अफ्रीका के 217 रन पर पांच विकेट गिरा दिए। कॉक 70, प्लेसिस 33, रिली रोसोऊ 18 और जेपी डुमिनी 20 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि मिलर ने इसके बाद जिम्मेदारी उठाते हुए टीम को जिताकर ही दम लिया। मिलर ने 79 गेंदों में 10 चौके और 6 छक्के उड़ाए। एन्डाइल फेलुक्वायो ने 39 गेंदों में 42 रनों की अहम पारी खेली और सातवें विकेट के लिए उन्होंने मिलर के साथ अविजित 107 रनों की साझेदारी की। जॉन हेस्टिंग्स ने दो विकेट लिए। क्रिस ट्रेमेन, एडम जम्पा, मिशेल मार्श व ट्रैविस हेड को 1-1 विकेट मिला। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर (117) और कप्तान स्टीवन स्मिथ (108) की शानदार शतकीय पारियों की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने निर्धारित 50 ओवरों में छह विकेट खोकर 371 रनों का मजबूत स्कोर बनाया। वार्नर ने 107 गेंदों का सामना करते हुए 13 चौके व दो छक्के लगाए, जबकि स्मिथ ने 107 गेंदों का सामना करते हुए नौ चौके और एक छक्का जड़ा।
वार्नर इसके साथ ही दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सर्वोच्च स्कोर बनाने वाले ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले मार्क वॉ के नाम यह रिकॉर्ड था। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नाबाद 115 रनों की पारी खेली थी। इन दोनों के अलावा आरोन फिंच ने 53 रनों की पारी खेली। जॉर्ज बैली ने 28, ट्रेविस हेड ने 35 और मैथ्यू वेड ने 17 रन बनाए। इमरान ताहिर और डेल स्टेन ने 2-2 विकेट लिए।
साभार-khaskhabar.com






Related Items
रक्षा अनुबंधों के सहारे निवेशकों के लिए केन्स टेक्नोलॉजी हो सकता है बड़ा दांव
डिजिटल चमक के पीछे बड़े से बड़ा होता जा रहा है कचरे का पहाड़!
वह काल्पनिक लड़का जो 'बड़ा' होने से करता है लगातार इंकार