मथुरा। जिलाधिकारी राजेश कुमार ने सम्बन्धित अधिकारियों को कडे निर्देश देते हुए कहा कि आगामी पोलियों दिवस 29 मई को कोई बच्चा पोलियो ड्राप पीने से वंचित न रह जाय। उन्होंने कहा कि 23 से 26 मई तक प्रशिक्षण कार्यक्रम में शत-प्रतिशत आंगनबाडी कार्यकत्रियों को विधिवत प्रशिक्षण दिया जाय तथा 24 मई तक हर हाल में ड्यू लिस्ट पूरी कर ली जाय। जिलाधिकारी आज यहां कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की शासी निकाय की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
जिलाधिकारी ने कहा कि 29 मई पोलियो दिवस है। पूरी कोशिश करके बूथ दिवस के दिन ज्यादा से ज्यादा बच्चों को पोलियो ड्राप पिलाई जाय। 30 मई से 6 जून तक डोर -टू- डोर कार्यक्रम के दौरान कोई भी बच्चा पोलियो ड्राप पीने से वंचित न रह जाय। उन्होंने कहा कि इस योजना को सफल बनाने के लिए यह अत्यन्त आवश्यक है कि बच्चों की ड्यू लिस्ट 24 मई तक हर हाल में पूरी कर ली जाय। उन्होंने कहा कि 23 से 26 मई तक चलाये जाने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम में आंगनबाडी कार्यकत्रियों को शत-प्रतिशत हर हाल में प्रशिक्षित किया जाय। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि प्रशिक्षित आंगनबाडी कार्यकत्रियों की रिपोर्ट 26 मई तक इनके पास आ जानी चाहिए।
उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिये कि वे अपने-अपने क्षेत्र के उप जिलाधिकारियों के साथ तहसील टास्कफोर्स की बैठक आगामी 2 दिन के अन्दर करके क्षेत्र में पड़ने वाले भट्टों व निर्माण स्थलों को चिन्हित कर लें ताकि बच्चें छूटने न पायें। उन्होंने कहा कि वे ड्यू लिस्ट की रैंडम चेकिंग करेंगे जिस प्रभारी चिकित्साधिकारी के क्षेत्र की ड्यू लिस्ट तैयार नहीं मिलेगी उसके विरूद्ध कडी कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने कहा कि अगली रिपोर्ट में छूटे हुए बच्चों की संख्या शून्य होनी चाहिए। उन्होंने हिदायत दी कि जिस चिकित्सक के क्षेत्र में छूटे हुए बच्चे पाये जायेंगे उनकी एक वेतन वृद्धि रोक दी जायेगी।
जिलाधिकारी ने संस्थागत प्रसव पर बल देते हुए कहा कि गर्भवती महिलाओं के चिन्हांकन के बाद उनकी नियमित जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रभारी चिकित्साधिकारी के क्षेत्र में जितने भी हेल्थ सेन्टर हैं उनकी रंगाई-पूताई अच्छे डंग से कराई जाय तथा एक सेन्टर मॉडल के रूप में विकसित करके दिखाया जाय। उन्होंने आशाओं तथा लाभार्थी महिलाओं के शत-प्रतिशत भुगतान के निर्देश देते हुए कहा कि आशाओं का भुगतान न होने की स्थिति में वह मन लगाकर कार्य नहीं करेंगी। उन्होंने आशाओं के मानदेय भुगतान न किये जाने को गंम्भीरता से लेते हुए कहा कि जिस प्रभारी चिकित्साधिकारी के क्षेत्र की आशाओं का भुगतान लम्बित होगा उस धनराशि पर साधारण ब्याज लगाकर सम्बन्धित चिकित्साधिकारी व बाबू के वेतन से वसूली की जायेगी। गत दिवस जिला महिला चिकित्सालय में नसबन्दी ऑपरेशन कराने आई महिला की मौत के प्रकरण को गंम्भीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिये कि इस प्रकरण की जांच हेतु टीम गठित करने के लिए उनकी तरफ से अपर निदेशक स्वास्थ्य को पत्र भेजा जाये।
मुख्य विकास अधिकारी मनीष कुमार वर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. विवेक मिश्र, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 राजेन्द्र सिंह सहित सभी अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, उप मुख्य चिकित्साधिकारी, प्रभारी चिकित्साधिकरी, विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रतिनिधि व बाल विकास परियोजना अधिकारी आदि बैठक में उपस्थित रहे।






Related Items
दृढ़ संकल्प, सहयोग और नवाचार से संभव हो सका पोलियो मुक्त भारत
जोनल और सैक्टर अधिकारी के साथ डीएम ने की बैठक
डीएम ने निर्वाचन की समीक्षा बैठक में मांगा राजनैतिक दलो से सहयोग