नई दिल्ली । पूर्व भारतीय बल्लेबाज मोहम्मद कैफ 2016-17 के घरेलू सत्र में रणजी ट्रॉफी में पहली बार हिस्सा लेने जा रही छत्तीसगढ़ टीम की कप्तानी करेंगे। रायपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ ने यह घोषणा की। इस मौके पर छत्तीसगढ़ के नवनियुक्त कोच सुलक्ष्ण कुलकर्णी भी मौजूद थे। कैफ इससे पहले आंध्र प्रदेश के साथ थे। वर्ष 2015-16 के सत्र में आंध्र के तालिका में सबसे नीचे रहने के बाद कैफ से अनुबंध को नहीं बढ़ाया गया। आंध्र इस सत्र में ग्रुप सी में खिसक गई है। कैफ का पिछले सत्र में बल्ले के साथ अच्छा प्रदर्शन नहीं रहा था। कैफ ने 13 पारियों में 27.50 के औसत से 330 रन जुटाए।आंध्र की टीम से जुड़ने से पहले कैफ उत्तर प्रदेश की टीम का करीब 15 सालों तक अहम हिस्सा रहे। कैफ ने वर्ष 1997-98 में उत्तर प्रदेश के साथ ही प्रथम श्रेणी क्रिकेट की शुरुआत की थी। कैफ के दम पर यूपी ने लखनऊ में खेले गए वर्ष 2005-06 के रणजी ट्रॉफी फाइनल में बंगाल को पहली पारी के आधार पर हराकर पहली बार खिताब पर कब्जा जमाया था।
कैफ धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी के साथ गजब के फील्डर के रूप में जाने जाते हैं। उनके 177 प्रथम श्रेणी मुकाबलों में 39.89 के औसत से 9974 रन हैं। इस साल फरवरी में आयोजित स्पेशल जनरल मीटिंग (एसजीएम) में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन को बीसीसीआई के पूर्ण कालिक सदस्य का दर्जा दिया गया था। इससे पहले वह एसोसिएट मेंबर था।
छत्तीसगढ़ रणजी ट्रॉफी के 83वें संस्करण में खेलने वाली 28वीं टीम रहेगी। वह ग्रुप सी की 10वीं टीम है। गौरतलब है कि 35 वर्षीय कैफ को भारत के लिए वर्ष 2000 से 2006 तक खेलने का मौका मिला। कैफ ने 13 टेस्ट में 32.84 के औसत से 624 और 125 वनडे में 32.01 के औसत से 2753 रन हैं। कैफ की कप्तानी में भारत ने अंडर-19 का वनडे विश्व कप जीता था।
साभार-khaskhabar.com






Related Items
पहनने योग्य स्वास्थ्य निगरानी प्रणालियों के सुधार में मिली नई सफलता
दुर्लभ-पृथ्वी चुंबकत्व में मिली नई सफलता से क्वांटम तकनीकें होंगी बेहतर
जनसंख्या वृद्धि में संतुलन से विकास को मिली है गति