नई दिल्ली । भारत के विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने पिछले साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। इस फैसले के बाद एक बार तो उनके फैंस काफी निराश हो गए, लेकिन सहवाग ने जल्द ही सोशल मीडिया से नाता जोड़ उस पर लगातार सक्रिय रहकर अपने चुटिले अंदाज से उन्हें फिर से अपना दीवाना बना लिया। वीरू अपने ट्विटर अकाउंट पर क्रिकेटर्स को खास तरीके से बधाई देते रहते हैं। अब उन्होंने रियो ओलंपिक में दो पदक जीतने के बाद भारत में हुए शानदार जश्न को लेकर ब्रिटिश पत्रकार पियर्स मोर्गन के व्यंग्यात्मक ट्वीट का ऐसा करारा जवाब दिया कि उनकी बोलती ही बंद हो गई। दरअसल, मोर्गन ने भारत में ओलंपिक पदक विजेताओं बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु और पहलवान साक्षी मलिक के जबरदस्त स्वागत की खबर को ट्वीट करते हुए लिखा कि सवा अरब की जनसंख्या वाला देश सिर्फ 2 मेडल जीतकर खुशी मना रहा है। यह कितना शर्मनाक है। ऐसी टिप्पणी वीरू को नागवार गुजरी। वीरू ने जवाब में लिखा कि हम हर छोटी खुशी का भी मजा लेते हैं लेकिन इंग्लैंड, जिसने क्रिकेट की शुरुआत की, वह आज तक वनडे विश्व कप नहीं जीत सका और फिर भी उसमें खेलता है। क्या यह शर्मनाक नहीं है। वीरू के इस जवाब को 11 हजार से ज्यादा बार रीट्वीट और करीब 13 हजार लोगों ने लाइक किया। मोर्गन इस जवाब से बौखला गए और उन्होंने फिर लिखा कि अगर केविन पीटरसन खेल रहे होते, तो इंग्लैंड विश्व कप जरूर जीतता। वैसे ही जैसे हमने टी20 विश्व कप जीता था जिसमें पीटरसन मैन ऑफ द सीरीज थे। वीरू के पास इसका भी तोड़ था। वीरू ने तुरंत लिखा कि पीटरसन इंग्लैंड के नहीं, मूल रूप से दक्षिण अफ्रीका से थे और उनके तर्क के हिसाब से तो इंग्लैंड को 2007 का विश्व कप जीतना चाहिए था, क्योंकि पीटरसन उस टीम का हिस्सा थे। हमारे जश्न से आपको क्या दिक्कत है।
साभार-khaskhabar.com

Related Items
सही और गलत के द्वंद्व में उलझ गए हैं पत्रकार व मीडिया
घबराई हुई उस पत्रकार ने जब लिया पहला साक्षात्कार...
मोदी ने फिटनेस वीडियो किया साझा, मिली ‘चुनौती’ पर कुमारस्वामी ने दिया ‘जवाब’