डीएम ने स्टाफ बैठक में कार्यों में प्रगति लाने पर दिया जोर
मथुरा। जिलाधिकारी नितिन बंसल ने निर्देश दिये कि वृक्षारोपण के पट्टेदार भूमि का क्या उपयोग कर रहे हैं इसका उप जिलाधिकारीध् तहसीलदार सत्यापन करें और वृक्षारोपण से प्रथक भूमि का उपयोग करने वालों के पट्टे निरस्त कर नियमानुकूल प्रतिकूल कार्यवाही करें। साथ ही आदेश दिये कि लोहिया ग्रामों तथा आवास आवंटन के लम्बित प्रकरणों को अविलम्ब निस्तारित किया जाय।
जिलाधिकारी मंगलवार को कलैक्ट्रेट सभागार में स्टाफ बैठक के दौरान विभिन्न कार्यों की प्रगति समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने असंक्रमणी भूमि के पांच वर्ष पुराने पट्टेदारों की पत्रावलियां देखकर संक्रमणी करने की कार्यवाही का अभियान चलाकर निस्तारण करने के निर्देश दिये।
उन्होंने उच्च न्यायालय में ग्रामसभा से संबंधित लम्बित मामलों को दिखवाकर शीघ्र काउंटर लगवाने के आदेश दिये और कार्यवाहियांें संबंधी मामलों में एपीओ के तहसील जाने के दिन तिथि लगाकर निस्तारण के आदेश दिये। साथ ही कृषक दुर्घटना बीमा योजना के लम्बित सभी मामले शीघ्रता से निस्तारित करने पर बल दिया। उन्होंने भूलेख अधिष्ठान के लम्बित पेंशन प्रकरणों को अविलम्ब निस्तारण के भी आदेश दिये।
डीएम ने समाज कल्याण की शादी-बीमारी, पारिवारिक लाभ एवं वृद्धावस्था पेंशन योजनाओं की खराब प्रगति पर नाराजगी जाहिर करते हुए निर्देश दिये कि इनमें तत्काल सुधार किया जाय। साथ ही अनुसूचित जाति से संबंधित 88-ए की अनुमति के लम्बित प्रकरणों में पैरवी रहित मामलों के निरस्त के साथ अन्य को उनके न्यायालय में भिजवा दिया जाय।
उन्होंने लम्बित वादों में दायरे से कम निस्तारण पर इसमें सुधार के आदेश दिये और अनेकों वादों के अद्यतन न होने व मामलों में मोबाइल नंबर न डालने पर भी ध्यान देने को निर्देशित किया। साथ ही कार्य प्रगति एवं पूरी सूचनाऐं रखने के लिए लेखपालों की साप्ताहिक बैठक अवश्य करने के निर्देश दिये।
बैठक के दौरान स्टांप एवं मनोरंजन कर की खराब प्रगति पर विभागीय अधिकारियों को चेतावनी जारी करने के साथ सुधार के कडे निर्देश दिये। वाणिज्यकर, विद्युत आबकारी सहित भू-राजस्व की प्रगति में भी सुधार पर जोर दिया और धान की नीलामी के समय कोसी में तहसीलदार छाता व मथुरा में तहसीलदार सदर को अपनी उपस्थिति में नीलामी कराते हुए राजस्व वसूली बढाने के निर्देश दिये।
सभी अपर जिलाधिकरी, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार कलेक्ट्रेट के अनुभागों के प्रभारी, आपूर्ति, स्टाम्प, परिवहन, मनोरंजन, आबकारी आदि विभागों के अधिकारीगण आदि बैठक में उपस्थित रहे।






Related Items
ज्ञानदीप सभागार में हुआ नाट्यकर्मियों का महाकुम्भ
ब्लाॅक गोवर्धन सभागार में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित
सदर तहसील ब्लाॅक सभागार में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित