टोक्यो । भारत की सानिया मिर्जा और चेक गणराज्य की उनकी जोड़ीदार बारबरा स्ट्राइकोवा ने टोरे पेन पेसिफिक ओपन का खिताब अपने नाम कर लिया है। टूर्नामेंट में दूसरी वरीयता प्राप्त सानिया-स्ट्राइकोवा ने खिताबी मुकाबले में चीन की चेन लियांग और झाओशुआन यांग को 6-1, 6-1 से मात दी। दुनिया की मौजूदा नंबर एक महिला युगल खिलाड़ी सानिया का यह कुल 40वां युगल खिताब है। 29 वर्षीय सानिया का चार वर्षों में यह तीसरा पेन पेसिफिक ओपन खिताब है। सानिया ने इससे पहले वर्ष 2013 व 2014 में जिम्बाब्वे की कारा ब्लैक के साथ खिताब पर कब्जा जमाया था। सानिया पिछले साल टोक्यो में आयोजित इस टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले पाई थीं। सानिया और स्ट्राइकोवा ने सेमीफाइनल में कनाडा की गैब्रिएला दाब्रोवस्की और स्पेन की मारिया जोस मार्टिना सांचेज की गैरवरीय जोड़ी को 4-6, 6-3, 10-5 से और क्वार्टर फाइनल में जापान की मियु काटो ओर चीन की यिफान शु की जोड़ी को 6-2, 6-2 से हराया था। सानिया और स्ट्राइकोवा तीसरी बार किसी टूर्नामेंट में एक साथ खेल रही थीं। पिछले महीने इस जोड़ी ने मार्टिना हिंगिस और कोको वांदेवेघे को हराकर सिनसिनाटी ओपन का खिताब जीता था। सानिया ने हिंगिस के साथ कई खिताब जीते थे। हालांकि सानिया और स्ट्राइकोवा वर्ष के चौथे ग्रैंडस्लैम अमेरिकी ओपन के क्वार्टर फाइनल में हार गई थीं।
साभार-khaskhabar.com






Related Items
जनजातीय कार्य मंत्रालय ने जीता 'सर्वश्रेष्ठ झांकी' का पुरस्कार
भारत ने कांस में रचा इतिहास, पायल कपाड़िया की फिल्म ने जीता अवार्ड
इंग्लैंड ने पहला अभ्यास मैच 3 विकेट से जीता