मोबाइल क्रांति व रोड कनेक्टिविटी से बदल रहा है ग्रामीण भारत


मध्य प्रदेश के एक गांव में, भोर की हल्की रोशनी में धान के खेतों पर फैली धुंध को चीरते हुए एक मोटरसाइकिल गुजरती है। पीछे बैठी किशोरी मोबाइल पर ऑनलाइन गाने सुन रही है, उसके कानों में ईयरफोन, और उसके सड़क किनारे गांव में अभी-अभी लगा नया 4जी टॉवर।

उधर, नए घर के आंगन में बुज़ुर्ग रामप्रसाद नल से सीधे बहते साफ पानी से बचे-खुचे दांतों पर टूथपेस्ट रगड़ रहे हैं; उनकी पत्नी पूछ रही है,“ब्रेड पर मक्खन लगाऊं या टमाटर की सौंठ!” खेत की मेड़ पर लगे सोलर लैंप अभी बुझकर सोये भी नहीं कि बिजली विभाग की वैन नई लाइन की मरम्मत के लिए आ चुकी है।

देश के दूसरे छोर पर, केरल में वायनाड जिले के झील से लगे गांव में स्कूल बस के इंतज़ार में टाई और ब्लेजर पहने विद्यार्थी खड़े हैं। एक के हाथ में क्रिकेट बैट है, दूसरे के हाथ में फुटबॉल, सबके एक ही सपने हैं. एक बेहतर भविष्य...।

यह वही ग्रामीण भारत है, जिसे कभी ‘अंधकार में डूबा इलाका’ कहा गया था। भुखमरी और गरीबी सत्यजीत राय जैसे निर्देशकों की फिल्मों के थीम हुआ करते थे। ग्रामीण इंडिया, धूल-धक्कड़, अंधकार और दूरी का प्रतीक माना जाता था। आज गांव नई शक्ल ले रहे हैं, ऐसी तस्वीर जिसकी कल्पना करना भी कभी मुश्किल था।

पिछले एक दशक में ग्रामीण जीवन काफी बदला है। हालांकि, परिवर्तन की रफ्तार सुस्त है।  2014 से 2025 तक का यह दशक सिर्फ सरकारी योजनाओं की सूची नहीं, बल्कि ग्रामीण समाज के गहरे, जीवंत और मानवीय परिवर्तन की कहानी है, एक बदलाव जो आंकड़ों से आगे जाकर लोगों के चेहरों, सपनों और जीवनशैली में दिखाई दे रहा है।

साल 2014 से पहले 29.17 फीसदी ग्रामीण भारत बहुआयामी गरीबी में जकड़ा था। 2025 में यह घटकर 11.28 फीसदी पर आ गई। यानी, 24.82 करोड़ लोग गरीबी के बोझ से मुक्त हो गए। यह परिवर्तन खेत-खलिहान और आंगन-चौपाल तक में महसूस किया जा सकता है।

एक समय था जब बारिश में गांव की सड़कें कीचड़ में गायब हो जाती थीं। बाज़ार तक पहुंचना आधा दिन का काम था। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ने इस बाधा को तोड़ा। साल 2014 से 2024 के बीच 7.5 लाख किमी से अधिक सड़कें बनीं।

अब दूध बेचने वाले किसान उसी दिन शहर लौट आते हैं, और बच्चों की एम्बुलेंस गाड़ी गांव तक रुकावट के बिना पहुंचती है। आर्थिक गतिविधियां 20–30 फीसदी बढ़ीं। यह सिर्फ आंकड़ा नहीं, बल्कि रोज़मर्रा की जिंदगी की चौंकाने वाली हकीकत है।

साल 2014 में ग्रामीण घरों में औसतन 12.5 घंटे बिजली आती थी। 2023 तक यह बढ़कर 21.9 घंटे हो गई। 2.86 करोड़ ग्रामीण घरों को पहली बार कनेक्शन मिला। यह सिर्फ एक बल्ब का उजाला नहीं बल्कि यह सिलाई मशीन चलने का मौका है, रात में बच्चों के पढ़ने का समय है, और छोटे व्यवसायों के लिए नई शुरुआत है।

साल 2019 से पहले सिर्फ 17 फीसदी ग्रामीण घरों में नल का पानी था। 2025 में यह आंकड़ा 81 फीसदी तक पहुंच गया, 12.31 करोड़ नए कनेक्शन। अब महिलाएं 2–3 घंटे रोज़ पानी ढोने में नहीं लगातीं; उन घंटों में वह काम करती हैं, पढ़ती हैं, या बस आराम करती हैं, जितने हक से शहर की महिलाएं करती हैं।

स्मार्टफोन अब सिर्फ शहर की चीज़ नहीं है। चाय की दुकान पर जुटे युवक अब क्रिकेट स्कोर के साथ गेहूं-धान के मूल्य भी ऑनलाइन चेक करते हैं। 2015 में 20 फीसदी लोगों तक इंटरनेट की पहुंच थी, 2025 में यह आंकड़ा 55.3 फीसदी हो गया। ग्रामीण भारत के पास आज 39.8 करोड़ इंटरनेट यूजर हैं। भारतनेट ने 2.18 लाख ग्राम पंचायतों को हाई-स्पीड इंटरनेट से जोड़ा है।

सरकारी मदद का बैंकों में सीधे पहुंचने से भ्रष्टाचार की लीक रोक दी है। 1.3 लाख करोड़ रुपये की बचत, मनरेगा मजदूरी सीधे खाते में आती है। रोज़गार स्थिर हुआ, मजदूरी दरें हर साल बढ़ीं, और डिजिटल भुगतान गांव में आम हो गए।

फसल बीमा योजना ने किसानों के भाग्य की दिशा बदल दी है। 2016 से 2025 के बीच 50 करोड़ किसान 1.4 लाख करोड़ रुपये के दावे पा चुके हैं। उन्नत बीज, बेहतर खाद, दो गुनी एक्सटेंशन सेवाओं ने उत्पादकता 10–15 फीसदी तक बढ़ा दी है। अब किसान मौसम पूर्वानुमान मोबाइल पर देख कर बुआई कर रहे हैं। गांव में तकनीक पहली बार बराबरी का अवसर दे रही है।

चूल्हे का धुआं खत्म हो गया है और सपनों की उड़ान शुरू हो गई है। उज्ज्वला योजना के 10 करोड़ गैस कनेक्शन ने महिलाओं के फेफड़ों से धुआं हटाया और जीवन में फुर्सत जोड़ी है।

बाल लिंगानुपात 918 से 929 हुआ। लड़कियों का माध्यमिक नामांकन 81 फीसदी से बढ़कर 95 फीसदी, यानी एक सामाजिक क्रांति की शुरुआत हुई है। सुकन्या समृद्धि, बीबीबीपी और लक्षित योजनाओं ने महिलाओं को पहली बार आर्थिक शक्ति दी है।

कोविड के बाद चार करोड़ प्रवासी गांव लौटे हैं। प्रवासियों से धन आगमन 20 फीसदी तक बढ़ा है। यह पैसा गांवों में घर बनाने, शिक्षा और कृषि उपकरणों में लगा है। उपभोग 15 फीसदी बढ़ा है और गांव स्थानीय अर्थव्यवस्था का इंजन बन गए हैं।

साल 2014 से पहले के ग्रामीण भारत में बिजली 60 फीसदी, पानी 17 फीसदी, इंटरनेट लगभग शून्य और गरीबी 29 फीसदी थी। साल 2025 के ग्रामीण भारत में बिजली 99 फीसदी, पानी 81 फीसदी, डिजिटलीकरण 55 फीसदी और गरीबी 11 फीसदी के नीचे है।

आज गांव की शामें सोलर लाइट की रोशनी में चमकती हैं। नल से बहता पानी, चमकती सड़कों पर दौड़ती बाइकें, इंटरनेट से जुड़े युवा, और शौचालयों से आई स्वच्छता, यह सब मिलकर ग्रामीण भारत की नई पहचान गढ़ रहे हैं।

धीमा, कहीं ज्यादा, कहीं कम, यह परिवर्तन एक सामाजिक पुनर्जन्म की कहानी है जिसमें गांव का हर घर, हर खेत, और हर परिवार नई शुरुआत की पहल कर रहा है, और इंटरनेट क्रांति तो बस सोने पे सुहागा है।



Related Items

  1. प्यासा भारत, सूखती नदियां; ‘डे ज़ीरो’ अब कहानी नहीं, दस्तक है…

  1. कौन सा लोकतंत्र है बेहतर! ट्रंप का अमेरिका या मोदी का भारत…

  1. अब हाईवे सिर्फ़ सड़क ही नहीं, दवा भी देंगे...!




Mediabharti