कौन मिटाएगा कर्नाटक की धरती पर पड़े बदनामी के छींटों को...


भारत का कर्नाटक प्रदेश ईश्वर प्रदत्त प्राकृतिक सौन्दर्य से परिपूर्ण है। वहां की जलवायु अपनी विविधताओं के लिए पूरे विश्व में प्रसिद्ध है। इस प्रदेश के निवासी अपनी शालीनता, सौन्दर्य व धार्मिक भावनाओं के लिए जगत प्रसिद्ध है। ऐसे प्रदेश में जन्म लेना और वहां का स्थायी निवासी होना निश्चित ही भाग्यशाली होने की पहचान है।

लेकिन, आज कर्नाटक सम्पूर्ण विश्व में पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के पौत्र प्रज्ज्वल रेवन्ना की अनैतिकता के कारण कुख्यात हो रहा है। यदि हम इतिहास पर नजर डालें तो प्रज्ज्वल रेवन्ना का चरित्र हमें मुगल शासकों का स्मरण दिलाता है।

प्रज्ज्वल रेवन्ना के विषय में अब तक जो खबरें आई हैं वे सम्पूर्ण देश को अचम्भित करने वाली और देश के एक प्रतिष्ठित गौड़ा परिवार को शर्मसार करने वाली हैं। विभिन्न समाचार एवं सूचना तंत्र के माध्यमों की मानें तो प्रज्ज्वल के लगभग तीन हजार स्त्रियों के साथ अनैतिक संबंध रहे हैं, जिनकी एक सीडी भी प्राप्त हुई हैं। यह वह संख्या है जिनका साक्ष्य उपलब्ध है, इसके इतर साक्ष्यहीन कितने और उदाहरण होंगे, इसका अनुमान लगाना बेहद मुश्किल है। फिर भी यदि मात्र प्राप्त सीडी का ही अवलोकन किया जाए तो ज्ञात होता है कि इस 33 वर्षीय युवा ने अपने आवास पर कार्य करने वाली महिलाओं का लगातार यौन उत्पीड़न किया। इनमें से एक स्त्री तो 68 साल की वृद्धा बताई गई है।

कुछ दिन पूर्व ही प्रज्ज्वल रेवन्ना के आपत्तिपूर्ण कृत्य के रहस्य से पर्दा उठा है कि उसके किन-किन स्त्रियों से अनैतिक संबंध रहें हैं। ये स्त्री एवं कन्याएं अपने परिवार व बच्चों के समक्ष शर्मसार होकर मानसिक वेदना को सहन कर रही हैं। उपरोक्त तथ्य का सार्वजनिक मंच पर प्रकाशन होने से कितने परिवार खंडित होंगे एवं कितने बच्चों का भविष्य अंधकारमय हो जाएगा, इसका आंकलन करना भी सम्भव नहीं है।

भारत के लिए यह लज्जा का विषय है कि लगभग तीन हजार महिलाओं से अनैतिक संबंध स्थापित करने वाला यह अपराधी भारत का नागरिक है। ऐसे व्यक्ति का सामाजिक बहिष्कार तो होना ही चाहिए, साथ ही, उससे कानून सम्मत अधिकतम सजा भी दी जानी चाहिए।

(लेखक आईआईएमटी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति हैं एवं यहां व्यक्त विचार उनके स्वयं के हैं)



Related Items

  1. राजनीतिक उलझनों के बीच कर्नाटक में बह रही है विकास की बयार

  1. कर्नाटक में लीडरशिप की जंग से कांग्रेस की फजीहत

  1. योगी का उत्तर प्रदेश बनाम सिद्धारमैया का कर्नाटक




Mediabharti