मथुरा। मथुरा के जवाहर बाग पार्क को 2 जून को हुई हिंसा के 72 घंटो बाद मीडिया के लिए खोला गया है, लेकिन अंदर की भयावह नजारा देखने को मिला। रामवृक्ष यादव के नेतृत्व में स्वाधीन भारत सुभाष सेना ने पार्क को आयुध फैक्ट्री बना रखा था। पुलिस ने यहां से न सिर्फ भारी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं, बल्कि विस्फोटकों का जखीरा इस बात की गवाही दे रहा है कि पार्क में बम बनाने वाली फैक्ट्री भी थी। पुलिस को यहां से विस्फोटक पाउडर, इलेक्ट्रॉनिक प्लेट और छर्रे मिले। एसएसपी राकेश सिंह ने बताया कि जवाहर बाग में सर्च ऑपरेशन में बीडीएस और फॉरेंसिक टीम को 2.5 किग्रा गन पाउडर, 5 किग्रा गंधक, 1 किग्रा पोटास, 1 इलेक्ट्रॉनिक प्लेट और 0.5 किग्रा लोहे के छर्रे मिले हैं। पुलिस को शक है कि यहां बारूदी सुरंग हो सकती है, इसलिए लखनऊ से एक टीम यहां आकर बारूदी सुरंगों की तलाश कर रही है। उपद्रवियों के पास से मिले असलहे और ऑपरेशन के वक्त हुए धमाकों से उठी रंगीन लपटों को देख पुलिस को जवाहर बाग में बारूदी सुरंग बिछी होने का अंदेशा है।
पार्क के भीतर अस्थाई सुपरमार्केट
दो साल से पार्क के अंदर बैठकर अपनी समानांतर सरकार चलाने वाले रामवृक्ष यादव और उसके समर्थकों ने पार्क में सबकुछ जुटा रखा था। श्मशान बन चुके इस पार्क में कपड़े, किताबें और कॉमिक्स के अवशेष बिखरे पड़े हैं। पार्क में मिले अवशेषों से पता चल रहा है कि इस संगठन ने एक अस्थाई सुपरमार्केट जैसी व्यवस्था कर रखी थी।
रामवृक्ष का फाइनेंसर फरार
घटना के बाद से रामवृक्ष यादव का फाइनेंसर राकेश बाबू गुप्ता फरार चल रहा है। बताया जा रहा है कि वह बदायूं जिले का रहने वाला है। वह प्रसिद्धिपुर गांव की को-ऑपरेटिव कमेटी का सेक्रेटरी है। यादव को हथियार खरीदने के पैसे यही शख्स देता था। लोगों का कहना है कि गुप्ता बड़ी प्रॉपर्टीज का मालिक है और लग्जरी गाडिय़ों में घूमता है। यह बात भी सामने आई है कि हथियार आलू की बोरियों में भरकर जवाहर बाग लाए जाते थे। वहीं, मथुरा के जवाहर बाग पर अवैध कब्जा करने वाले लोगों के साथ पुलिस की गुरुवार को हुई मुठभेड़ में घायल दो और लोगों की मौत हो जाने से मृतकों की संख्या बढक़र 29 हो गई है।
साभार-khaskhabar.com






Related Items
देखें जोधपुर के माचिया पार्क के शानदार नजारे
जवाहर बाग काण्ड में घायल पीएसी जवान की हत्या की रिपोर्ट 6 माह बाद हुई दर्ज
जवाहर बाग प्रकरणः जाॅंचःआयोग के अध्यक्ष 14 से 16 तक मथुरा में