पालिका के सभासदों ने चयन समिति पर लगाये गंभीर आरोप
मुख्यमंत्री से चयन समिति द्वारा भेजी गयी सूची को निरस्त करने की मांग
वृन्दावन। नगर पालिका परिषद् वृन्दावन के सभासद सैयद मुस्तफा आलम, जमुना प्रसाद उपाध्याय, रेखा चैधरी आदि सभासदों द्वारा संविदा सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति को लेकर चयन समिति के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाते हुये उनकी शिकायत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, मुख्य सचिव एवं सचिव नगर विकास से की है। गौरतलब है कि शासन से नगर पालिका परिषद् वृन्दावन में संविदा सफाई कर्मियों की 63 नियुक्ति होनी थी। विगत दो माह पूर्व साक्षात्कार के लिये नगर के अलावा आस पास के कई जिलों से लगभग 2400 आवेदकों का साक्षात्कार चयन समिति द्वारा कराया गया था। संविदा कर्मियों की नियुक्ति की सूची अधिकारियों द्वारा 22.12.2016 को शासन को भेजी गयी थीं। सभासदों ने अधिकारियों द्वारा शासन को भेजी गयी सूची पर मनमानी का आरोप लगाया है। साथ ही सभासद सैयद मुस्तफा आलम एवं जमुना प्रसाद उपाध्याय ने चयन समिति के अधिकारियों द्वारा अपात्र लोगों को सूची में चयनित कर शासन को भेजने की भी बात कही है। इसके अलावा सभासदों ने चयन प्रक्रिया पर सवाल खड़ा करते हुये कहा कि अधिकरियों ने उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप चयन प्रक्रिया में आरक्षण का भी ख्याल नहीं रखा। पत्र में लिखा है कि अधिकारियों को आरक्षण के हिसाब से सामान्य 32, ओबीसी 17 व एससी 13 एवं एसटी 1 की नियुक्ति होनी चाहिये थी। जबकि अधिकारियों द्वारा ऐसा नहीं किया गया। सभासदों द्वारा शासन से अधिकारियों द्वारा भेजी गयी सूची को निरस्त करने व दोषी अधिकरियों के खिलाफ जांच कराकर कार्यवाही करने की मांग की है।





