मथुरा। एसएसपी मोहित गुप्ता के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत स्वाट टीम प्रभारी हरीशवर्धन और मथुरा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेन्द्रपाल सिंह यादव को कल शाम चैकिंग के दौरान बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक टाटा सफारी, दो स्पलैण्डर बाइक से छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है जिनके पास से लगभग चार किलो चरस, अवैध असलाह बरामद हुये हैं। यह अपराधी चरस व अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री कर उसके द्वारा कमाये गये पैसे से असलाह व कारतूस खरीदते हैं। पकड़े गये बदमाशों ने बताया कि हमारा पारस सोनीपत के नाम से रजिस्टर्ड गैंग है।
पुलिस लाइन स्थित सभागार में पत्रकारों को जानकारी देते हुए एसपी सिटी ने बताया पारस की पुलिस कस्टडी में मृत्यु होने के बाद गैंग की कमान विनोद उर्फ दादा निवासी झज्झर हरियाणा के हाथ में आ गयी। अपने गैंग को मजबूत करने के लिये विनोद दादा ने सोनभद्र के बाहुबलि अपराधी अविनाश यादव से मथुरा जेल में आकर हाथ मिला लिया। दोनों गैंग एक होकर फिरौती हेतु अपहरण, लूट, रंगदारी वसूलने, मर्डर व अन्य संगीन अपराधों को अंजाम दे रहे हैं। वर्तमान में गैंग के निशाने पर मथुरा, आगरा के बड़े व्यापारी, बिल्डर्स, जनप्रतिनिधि, ठेकेदार व डाॅक्टर हैं। हाल में इस गैंग ने आगरा में सर्राफा कारोबारी धनकुमार जैन पर रंगदारी वसूलने हेतु जान से मारने की नीयत से हमला किया था, जिसमें उन्होंने अपनी गाड़ी भगाकर थाने में घुसकर जान बचाई थी। पकड़े गये बदमाशों में विनोद मुदगल उर्फ दादा पुत्र बलवीर मुदगल निवासी गोयलाकला सदर बहादुरगढ जिला झज्झर हरियाणा, बबलू शुक्ला उर्फ सर्वेश शुक्ला निवासी सालौरी थाना कर्नलगंज इलाहाबाद, पुष्पराज सिंह पुत्र बालेश्वर सिंह निवासी जमीनपटसरा थाना नगरा जिला बलिया, प्रभाकर सिंह पुत्र सियाराम सिंह निवासी सरिया थाना अहरौरा जिला मिर्जापुर, अजीत कुमार पुत्र अमरनाथ निवासी सहजदपुर थाना बरेसर जिला गाजीपुर और दिलीप कुमार पुत्र जगतनारायण निवासी सेहोवा डीह थाना बहरिया जिला इलाहाबाद हैं। इनके पास दो तमंचे, कारतूस मिले हैं। विनोद उर्फ दादा पर 16 मुकदमे हत्या, लूट, रंगदारी, फिरौती के हैं। प्रभाकर यादव पर चार मुकदमे रंगदारी और हत्या के, बबलू शुक्ला पर सात मुकदमे रंगदारी, हत्या लूट के, पुष्पराज पर छह मुकदमे फिरौती, हत्या लूट के और अजित पर बारह मुकदमे लूट व रंगदारी के हैं। गिरफ्तार करने वालों में मुनेश कुमार, सबलेन्द्र प्रताप, पुष्पेन्द्र कुमार, कोतवाली के उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार, शिववीर कुमार, एचसीपी तेजेन्द्र कुमार, रियाज खान, राजवी कुमार, विनय कुमार और सचिन कुमार शामिल थे।






Related Items
दहेज हत्या निजी त्रासदी नहीं, खुला सामाजिक जुर्म है...
हत्या की रिपोर्ट
आग लगाकर विवाहिता की हत्या