लंदन । दुनिया के नंबर दो टेनिस खिलाड़ी एंडी मरे ने वर्ष के तीसरे ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट विंबलडन के दूसरे दौर में जगह बना ली है। मरे ने लियाम बोर्डी को सीधे सेटों में मात दी। दो बार के ग्रैंडस्लैम चैंपियन मरे ने मुकाबला 6-2, 6-3, 6-4 से जीता। अब मरे का सामना ताईवान के लु येन सुन से होगा। मरे इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन और फ्रेंच ओपन के फाइनल में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी नोवाक जोकोविक से हार गए थे। चौथी वरीयता प्राप्त स्विट्जरलैंड के स्टैन वावरिंका को पहले दौर में ही चार सेट तक पसीना बहाना पड़ा। वावरिंका ने अमेरिका के किशोर टेलर फ्रिट्ज पर 7-6, 6-1, 6-7, 6-4 से जीत दर्ज की। उन्हें अब पूर्व यूएस ओपन चैंपियन जुआन मार्टिन डेल पोत्रो का सामना करना है। अर्जेंटीना के पोत्रो ने फ्रांस के स्टीफन राबर्ट को 6-1, 7-5, 6-0 से हराया। पुरूष वर्ग के अन्य मैचों में फ्रांस के सातवें वरीय रिचर्ड गास्केट ने ब्रिटेन के अलजाज बेडेने को 6-3, 6-4, 6-3 से जबकि उन्हीं के देश के 12वें वरीय जो विल्फ्रेड सोंगा ने स्पेन के इनिगो करवेंटेस को 6-4, 7-6, 6-4 से हराकर अपने अभियान की शुरूआत की। सर्बिया के 25वीं वरीयता प्राप्त विक्टर ट्रोइस्की ने फ्रांस के ट्रिस्तान लेमासिन को 6-4, 6-2, 6-2 से शिकस्त दी। दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी व मौजूदा चैंपियन अमेरिका की सेरेना विलियम्स ने रॉयल बॉक्स की अगली पंक्ति में बैठी अपनी मां की उपस्थिति में स्विट्जरलैंड की क्वालीफायर अमरा सैडिकोविच को 6-2, 6-4 से हराया। अपने सातवें विंबलडन और स्टेफी ग्राफ के रिकॉर्ड 22वें ग्रैंडस्लैम की बराबरी करने कवायद में लगी 34 वर्षीय सेरेना पहले दौर में जीत दर्ज करने के अपने रिकॉर्ड को 63 जीत तक ले गई है। महिलाओं में छठी वरीयता प्राप्त इतालवी खिलाड़ी रॉबर्टा विंसी को अमेरिका की एलिसन रिस्की के खिलाफ 6-2, 5-7, 6-3 से जीत दर्ज करने के लिए तीने सेट तक जूझना पड़ा। डोमिनिका सिबुलकोवा ने हालांकि सीधे सेटों में जीत दर्ज करके दूसरे दौर में जगह बनायई। इस 19वीं वरीय स्लोवाक ने क्रोएशिया की मिरजाना लुसिस बारोनी को 7-5, 6-3 से हराया। साभार-khaskhabar.com
Read More




