कुछ रोज़ पहले, क्रिकेट खिलाड़ी अश्विन रवि चंद्रन ने चेन्नई में एक छात्रों की एक सभा को संबोधित करते हुए हिंदी भाषा को राष्ट्रभाषा न मानते हुए सिर्फ राष्ट्र की एक आधिकारिक भाषा बताया। तमिल नाडु में भारतीय जनता पार्टी का भी यही मानना रहा है।
लेकिन, अश्विन या अन्य दक्षिणी नेताओं के ‘प्रमाणपत्रों’ से हिंदी भाषा का ओहदा कम नहीं हो जाता है। तथ्य यह है कि राजनैतिक स्वार्थों के चलते कुछ दक्षिणी राज्य, यदा-कदा हिंदी विरोधी रुख अपनाते रहे हैं, पर इससे हिंदी की बढ़ती लोकप्रियता में कोई रुकावट आने वाली नहीं है। इन दिनों यात्रा करते हुए, हैदराबाद से बेंगलुरु, मैसूर और अब आगे केरल में, हम हर जगह हिंदी में ही बातचीत करते हैं और काम चल रहा है। 25 साल पहले तमिल नाडु में हिंदी के खिलाफ बहुत विरोध और आक्रोश होता था। अब बिहार, झारखंड, उड़ीसा, यूपी, मणिपुर व असम से इतने लोग हर जगह मिलते हैं कि भाषा संप्रेषण तो कोई मसला ही नहीं रह गया है।
आज भारत ही क्या, पूरे विश्व में हिंदी का डंका बज रहा है। हिंदी भाषा भारत की राजभाषा होने के साथ-साथ विश्व की प्रमुख भाषाओं में से एक है। भाषा शास्त्री बताते हैं कि हिंदी का लिखित और बोली जाने वाली शैली का स्वरूप सदियों के विकास का परिणाम है। हिंदी देवनागरी लिपि में लिखी जाती है, जो कि वैज्ञानिक दृष्टि से अत्यंत सरल और सटीक मानी जाती है। इसमें ध्वनियों और अक्षरों के बीच स्पष्ट संबंध होने के कारण यह एक व्यवस्थित भाषा है।
अंग्रेजी के कुछ गुण हिंदी में समावेश होने के बाद इसकी सरलता, मधुरता और लचीलापन और बढ़ा है। हिंदी व्याकरण का विस्तृत एवं सुव्यवस्थित ढांचा इसे एक सशक्त भाषा बनाता है। हिंदी साहित्य ने अपने काव्य, गद्य, नाटक और निबंधों के माध्यम से इस भाषा को समृद्ध किया है। भाषा ज्ञानी प्रो. पारस नाथ चौधरी का कहना है कि आज की मानक हिंदी खड़ी बोली ने संस्कृत, फारसी, अरबी, तुर्की और अंग्रेज़ी से तमाम शब्दों को आत्मसात किया है। इससे इसका स्वरूप और भी विस्तृत हुआ है।
संगीत और नाट्यकर्मी डॉ ज्योति खंडेलवाल के मुताबिक, हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान का प्रतीक है। यह 22 भारतीय भाषाओं में से एक है और देश के नौ राज्यों और तीन केंद्रशासित प्रदेशों की आधिकारिक भाषा है। भारत के स्वतंत्रता संग्राम के समय हिंदी ने जनमानस को जोड़ने का काम किया। आज यह सिनेमा, साहित्य, राजनीति, शिक्षा और व्यापार जैसे क्षेत्रों में व्यापक रूप से उपयोग की जाती है।
हिंदी भाषा का वैश्विक स्तर पर भी बड़ा प्रभाव है। विश्व के 50 से अधिक देशों में लगभग 60 करोड़ लोग हिंदी बोलते और समझते हैं। फिजी, मॉरीशस, सूरीनाम, गुयाना और त्रिनिदाद जैसे देशों में भारतीय मूल के लोगों ने हिंदी को जीवंत रखा है। लेखिका विद्या झा बताती हैं कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिंदी साहित्य, बॉलीवुड और डिजिटल मीडिया के माध्यम से भी इसका प्रसार हो रहा है। संयुक्त राष्ट्र में हिंदी को मान्यता दिलाने के प्रयासों ने इसे और भी महत्वपूर्ण बनाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिंदी के प्रबल समर्थक हैं।
केंद्रीय हिंदी संस्थान के कुलसचिव डॉ. चंद्रकांत त्रिपाठी कहते हैं कि हिंदी भाषा का वर्तमान स्वरूप इसकी अद्वितीय पहचान और सशक्तता का प्रमाण है। यह न केवल भारत में बल्कि वैश्विक स्तर पर भी संवाद, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सामाजिक एकता का माध्यम बनी हुई है। भविष्य में, डिजिटल युग में हिंदी का महत्व और भी बढ़ेगा, जिससे यह भाषा अपनी समृद्ध परंपरा और आधुनिकता के बीच सेतु का कार्य करती रहेगी।
पिछले कई दशकों में, बॉलीवुड फिल्मों ने हिंदी भाषा को विश्व स्तर पर लोकप्रिय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हिंदी सिनेमा की मनोरंजन, संगीत और संवादों की सरलता ने भाषा को जन-जन तक पहुंचाया है। गीतों और संवादों में हिंदी के प्रयोग ने न केवल इसे मनोरंजक बनाया, बल्कि वैश्विक दर्शकों के लिए भी आकर्षक बनाया है। डिजिटल प्लेटफॉर्म्स और सबटाइटल्स के जरिए हिंदी फिल्मों ने अपनी पहुंच और प्रभाव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
नई टेक्नोलॉजी और तमाम अनुवाद ऐप्स, हिंदी के फैलाव और प्रसार में मदद कर रहे हैं।
Related Items
बदलाव की प्रक्रिया से गुज़र रहा है भारतीय मीडिया
बढ़ रही है हिंदी की लोकप्रियता और व्यापक स्वीकार्यता
आम बजट को सबसे आसान भाषा में यहां समझें...