मथुरा। यमुना का जलस्तर शनैः शनैः बढ रहा है। निचले इलाके के लोगों में दहशत फैल रही है। हालांकि अभी ऐसा कुछ होने वाला नहीं है लेकिन उनकी चिंता जाहिर है। दिल्ली से छोड़े जा रहे पानी के चलते मथुरा के घाटों पर इसका असर दिखाई देने लगा है। यमुना का वेग अपने वास्तविक स्वरूप में नजर आने लगा है। इसे देखने के लिये यमुना भक्त और श्रद्धालुओं की घाट किनारे भीड़ मिल जायेगी। काफी दिनों से प्रदूषित यमुना में शुद्ध जल को देखकर तमाम श्रद्धालु तो वैसे ही प्रफुल्लित हैं। रोजाना सुबह से शाम नजारा देखने वालों की जगह-जगह भीड़ देखने को मिल जायेगी। घाट किनारे पर शाम को तो यमुना का वेग देखने के लिये लोग पंहुच रहे हैं। अभी खतरे के निशान से यमुना नीचे है। खतरे का निशान 165.250 मीटर पर है। अभी यमुना इससे नीचे बह रही है। इसीलिये खतरे के कोई संकेत बाढ ़पूर्वानुमान केन्द्र द्वारा भी नहीं दिये गये हैं। यमुना का जलस्तर निरंतर नापा जा रहा है। बढोत्तरी की संभावनायें अभी घोषित नहीं हुयी हैं। प्रसिद्ध विश्राम घाट और उससे सटे घाटों की दो-तीन सीढियां ही अब दिखाई पड़ रही हैं। हालांकि यमुना के विश्रामघाट तक यमुना का जल नहीं पंहुचा है लेकिन सदर बाजार के निचले क्षेत्र में अभी से लोगों को चिंता सता रही है। महादेव घाट पर पानी आने से लोगों की चिंतायें बढी हैं। आसपास कालोनीवासी भी जलवृद्धि से चिंतित नजर आये।