नई दिल्ली । भारत और इंग्लैंड के बीच बुधवार (9 नवंबर) से राजकोट के सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में पांच मैच की सीरीज का पहला टेस्ट खेला जाएगा। न्यूजीलैंड का 3-0 से सफाया करने के बाद टीम इंडिया के हौसले बुलंद है। वह अंग्रेजों को भी कड़ा सबक सिखाना चाहेगी। भारतीय टीम के पूर्व स्टार बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण ने कहा कि यह सीरीज भारतीय टीम के लिहाज से काफी अहम होगी।
स्टार स्पोट्र्स द्वारा सीरीज से पहले आयोजित परिचर्चा में लक्ष्मण ने कहा कि यह एक बड़ी सीरीज होगी। भारत के जेहन में यह बात हमेशा रहेगी कि उसने अपने घर में इंग्लैंड के हाथों लगातार तीन सीरीज गंवाई है। भारत के लिए अच्छी बात यह है कि इसकी रैंकिंग नम्बर-1 है और यह अभी नम्बर-1 टीम की ही तरह खेल रही है। नम्बर-1 टीम कभी भी विपक्षी टीम पर खुद को केंद्रित नहीं करती।
लक्ष्मण के मुताबिक नम्बर-1 टेस्ट टीम बनने के बाद जाहिर तौर पर कप्तान विराट कोहली और कोच अनिल कुम्बले ने अपने लक्ष्य निर्धारित किए होंगे और अब उन्हें हासिल करने के लिए प्रयास जारी है। बकौल लक्ष्मण, नम्बर-1 टीम के अपने लक्ष्य होते हैं। भारत इससे अलग नहीं है। अभी भारत के सामने लक्ष्य होंगे और वह उन्हें हासिल करने के लिए प्रयासरत है। कोहली की टीम में जबरदस्त प्रतिभा है और यह हर विभाग में मजबूत है। ऐसे में यह टीम हर हाल में अपने लक्ष्यों को हासिल करने का प्रयास करेगी और कई लक्ष्यों को हासिल किया भी है। लक्ष्मण के मुताबिक भारतीय टीम इन दिनों फिटनेस पर भी काफी काम कर रही है और यह भी उसका एक लक्ष्य है। खुद कप्तान ने मैदान में अपने बल्ले और फिटनेस से सबको प्रभावित किया है और अपने साथियों के लिए प्रेरणास्रोत बनकर उभरे हैं। लक्ष्मण ने कहा कि उन्हें यकीन है कि कोहली की टीम अपने तमाम लक्ष्यों को हासिल करने में सफलता हासिल करेगी, जिनमें से एक इंग्लैंड को हराकर बीती तीन सीरीज की हार का हिसाब बराबर करना है। लक्ष्मण ने कहा कि वे हरफनमौला काबिलियत को देखते हुए पहले टेस्ट की अंतिम एकादश में करुण नायर की जगह ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को तरजीह देंगे। लक्ष्मण पूरी तरह से पांच गेंदबाजों की थ्योरी पर भरोसा करते हैं और चाहते हैं कि पांड्या, तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के साथ गेंदबाजी की शुरुआत करें और अमित मिश्रा तीसरे विशेषज्ञ स्पिनर के तौर पर खेलें।
लक्ष्मण ने कहा कि पांड्या नई गेंद के साथ एक विकल्प हो सकते हैं। पांड्या अब 140 किमी प्रति घंटा से ज्यादा की रफ्तार से गेंदबाजी कर रहे हैं। वे अपनी लाइन एंव लेंथ में काफी निरंतर है। अश्विन अच्छी बल्लेबाजी फॉर्म में है, रिद्धिमान साहा भी अच्छी फॉर्म में हैं, रवींद्र जडेजा भी अच्छी फॉर्म में है, मैं अमित मिश्रा को उसी एक्शन में देखना चाहूंगा जिसमें उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ गेंदबाजी की थी। वे मैच विजेता साबित हुए हैं, तीन बेहतरीन स्पिनर इस इंग्लैंड के बल्लेबाजी लाइन पर काफी दबाव डाल सकते हैं।
साभार-khaskhabar.com






Related Items
दुनिया को ध्रुवीकरण से मुक्त कराना है मोदी की विदेश नीति का लक्ष्य
तीसरी अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य है आसान, मगर...
साल 2025 तक टीबीमुक्त भारत का लक्ष्य और चुनौतियां