मुंबई । भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने स्पष्ट किया कि भारतीय टीम के मुख्य कोच पद के लिए उसे दुनियाभर से 57 आवेदन प्राप्त हुए हैं। भारतीय टीम का कोच पद 2015 आईसीसी विश्व कप के बाद से खाली पड़ा हुआ है। बीसीसीआई ने कोच पद के लिए आवेदन मांगे थे, जिसके लिए 10 जून अंतिम तारीख रखी गई थी। निर्धारित समय की समाप्ति के बाद बोर्ड ने रविवार को कहा कि उसे देश और दुनिया से कुल 57 आवेदन प्राप्त हुए हैं। बोर्ड ने कहा कि शुरुआती जांच के बाद जो उम्मीदावार काबिल पाए जाएंगे, उनके नाम पर आगे विचार किया जाएगा। कोच पद के लिए आवेदन करने वालों में संदीप पाटिल, रवि शास्त्री और वेंकटेश प्रसाद प्रमुख हैं।
इसके अलावा ऋषिकेष कानितकर, लालचंद राजपूत, रॉबिन सिंह, विक्रम राठौर और बलविंदर सिंह संधू ने भी कोच पद के लिए आवेदन किया है। आपको बता दें कि बीसीसीआई के ऐलान के कुछ दिन बाद शास्त्री ने अप्लाई किया था। वे पहले अप्लाई करने वालों में से एक हैं। विश्व कप की समाप्ति के बाद से शास्त्री को टीम निदेशक बनाया गया था जो इस साल मार्च-अप्रैल में भारत में आयोजित आईसीसी टी-20 विश्व कप तक टीम की देखरेख कर रहे थे।
सचिन, गांगुली, लक्ष्मण पर टिकी नजर -
पहले फेज में छंटाई के बाद सारे नाम सचिन तेंडुलकर, सौरभ गांगुली और वीवीएस लक्ष्मण वाली एडवाइजरी कमेटी के पास जाएंगे। फिर इसी महीने होने वाली एग्जीक्यूटिव कमेटी की मीटिंग में आखिरी फैसला ले लिया जाएगा।
ये है बीसीसीआई की शर्त
बोर्ड ने जो एडवर्टाइजमेंट जारी किया था, उसके छठे प्वाइंट में लिखा गया है, एक इंटरनेशनल टीम के कोच के लिए कम्युनिकेशन स्किल्स बेहतर होना जरूरी है। इसके अलावा, मैसेज भी असरदार तरीके से कम्युनिकेट करने के लिए अंग्रेजी में प्रोफिशिएंसी होना जरूरी है। हिंदी और दूसरी रीजनल लैंग्वेज में अपनी बात रखना भी आना चाहिए।
साभार-khaskhabar.com
Read More