सृष्टि का कण-कण जुड़ा हुआ है। जो हो गया, जो हो रहा है और जो होगा, सब आपस में जुड़ा हुआ है। मनुष्य अक्सर समय को तीन अलग-अलग काल खंडों में बांटकर देखता है, अतीत, वर्तमान और भविष्य। लेकिन, जीवन शायद इतनी सीधी रेखा नहीं है। अतीत कभी समाप्त नहीं होता है; वह वर्तमान के भीतर अपनी परछाइयों, स्मृतियों और परिणामों के रूप में जीवित रहता है। वर्तमान अपने भीतर भविष्य के बीज बो रहा होता है। और भविष्य, जब आता है, तो अपने साथ उन असंख्य घटनाओं का हिसाब लेकर आता है जिन्हें हम पीछे छोड़ चुके होते हैं।
फिल्म 'गांधारी' इसी जुड़ाव की अनुभूति को केवल कहानी के स्तर पर ही नहीं, बल्कि अपने वातावरण, प्रतीकों और लोकविश्वासों के माध्यम से सामने रखती है। फिल्म के भीतर 'बहरूपिया प्रदर्शन' का संदर्भ हो या मगरासुर व चौमुखी देवी की लोककथा का आधार, सब कुछ एक ऐसे संसार की रचना करता है जहां चेहरों के पीछे चेहरे हैं, स्मृतियों के पीछे स्मृतियां हैं और हर घटना के पीछे कोई पुराना कारण छिपा हुआ है।
बहरूपिया केवल वेश बदलने वाला कलाकार नहीं होता है। वह मनुष्य की उस प्रकृति का भी प्रतीक हो सकता है जिसमें व्यक्ति लगातार अपने चेहरे बदलता रहता है। परिस्थितियों के अनुसार उसके रूप बदलते हैं, लेकिन क्या उसके भीतर की सच्चाई भी बदलती है? या फिर हर नया चेहरा पुराने चेहरे की ही कोई परत होता है? फिल्म में बहरूपिया कला एक गहरे रूपक की तरह सामने आती है। हम जो देख रहे हैं, वह शायद पूरी सच्चाई नहीं है। दृश्य के पीछे एक अन्य दृश्य है और वर्तमान के पीछे एक इतिहास।
मगरासुर और चौमुखी देवी की लोककथा भी इसी व्यापक ताने-बाने का हिस्सा है। लोककथाएं केवल मनोरंजन के लिए जन्म नहीं लेती हैं। वे किसी समाज की सामूहिक स्मृति होती हैं। उनमें भय भी होता है, विश्वास भी; प्रकृति भी होती है और मनुष्य का अंधेरा भी। मगरासुर और चौमुखी देवी की कहानी फिल्म को उस लोक-स्मृति से जोड़ता है, जहां अच्छाई और बुराई व भय और आस्था के बीच की सीमाएं हमेशा स्पष्ट नहीं होती हैं। यहीं फिल्म का सबसे महत्वपूर्ण कथ्य उभरता है कि कुछ भी अकेले नहीं घटता है।
एक अपराध, एक निर्णय, एक भय, एक प्रेम, एक प्रतिशोध, इनमें से कोई भी घटना शून्य में पैदा नहीं होती है। हर परिणाम के पीछे कोई कारण होता है और हर कारण के पीछे शायद कोई और कहानी। इसलिए जो हो गया, वह खत्म होकर भी खत्म नहीं होता। जो हो रहा है, वह केवल वर्तमान नहीं है। और जो होगा, वह अचानक आकाश से नहीं उतरेगा। वह हमारे बीते हुए समय और आज के फैसलों से ही जन्म लेगा।
'गांधारी' में कलाकारों का अभिनय भी इस जटिलता को गहराई देता है। तापसी पन्नू अपने किरदार में उस भावनात्मक तनाव को दिखा पाती हैं, जो फिल्म की केंद्रीय बेचैनी को जीवित रखता है। इश्वाक सिंह की कमजोर उपस्थिति है। मीता वशिष्ट फिल्म के अंत तक उम्मीदें जगाए रहती हैं।
फिल्म में सबसे ज्यादा ध्यान खींचते हैं, प्रशांत नारायण। उन्हें फिल्म में बहुत कम स्क्रीन टाइम मिला है। लेकिन, जब-जब प्रशांत नारायण स्क्रीन पर आते हैं, दहला जाते हैं। वह अपने चेहरे, आंखों, होठों, आवाज और दूसरी शारीरिक भावभंगिमाओं से एक ऐसा प्रभाव पैदा करते हैं जो दृश्य समाप्त होने के बाद भी बना रहता है।
देवाशीष मखीजा का निर्देशन कमजोर है। पहले हाफ के बाद तापसी पन्नू की भूमिका कमजोर पड़ने लगती हैं। दूसरे हाफ में एक मौका आता है जब लगता है कि फिल्म अब खत्म होने वाली है, लेकिन वास्तव में क्लाइमेक्स वहीं से शुरू होता है। और, फिर प्रशांत नारायण सारी जिम्मेदारी अपने कंधों पर संभाल लेते हैं। संपादक नमन अरोरा इसे बेहतर कर सकते थे।
फिल्म का लेखन और निर्माण कनिका ढिल्लन ने किया है। कथा के भीतर लोककथा, प्रतीक और मानवीय संबंधों की परतों को एक साथ रखने का प्रयास इसे एक सामान्य कहानी से अलग बनाता है। अमित रॉय की सिनेमेटोग्राफी ठीक-ठाक है।
'गांधारी' को देखते हुए मन में यह विचार आता है कि हमारा गुजरा हुआ कल, हमारे फैसलों को प्रभावित करता है। हमारे फैसले दूसरों के जीवन को प्रभावित करते हैं। ये सभी फैसले भविष्य की दिशा बदलते हैं। और इस तरह एक अदृश्य श्रृंखला बनती जाती है।

Related Items
अतीत और वर्तमान के प्रेम की दो आवाजें हैं ‘इस तरह आशिकी का...’
भारत कर रहा है सेमीकंडक्टर के भविष्य का निर्माण…
स्वस्थ भविष्य को सुनिश्चित करता भारतीय आयुर्वेद