क्या आपको भी आता है वाहन चलाते समय गुस्सा...!


क्या आपको गाड़ी चलाते समय गुस्सा आता है? यदि गाड़ी चलाना आपके लिए तनावपूर्ण रहता है और अक्सर सड़क पर आपका झगड़ा होता है तो इसके परिणाम गंभीर हो सकते हैं।

सड़क पर आक्रोश और हिंसा के मामले काफी देखे जाते हैं। इसमें गाड़ी चलाते समय चिल्लाना, झगड़ा करना या फिर आक्रोश में आ जाना आम बात होता है।

विशेषज्ञों के अनुसार, जीवन में आज के दिन लोगों पर जितना दबाव है, उतना पहले कभी नहीं रहा है। चाहे वह दबाव अपने काम का हो या परिवार की तरफ से, या पैसों को लेकर हो। ऐसे लोगों का सारा दबाव और तनाव गुस्से के रूप में ही परिलक्षित होता है।

माना कि सड़क पर गाड़ी चलाना तनावपूर्ण हो सकता है, लेकिन गुस्से में गाड़ी चलाना और ठीक से गाड़ी न चलाना, गाड़ी चलाते समय एकाग्रता को कम करता है और ऐसा व्यवहार दुर्घटनाओं के लिए जिम्मेदार हो सकता है। ऐसे कई कारक हैं जो सड़क पर आक्रामकता के मामलों को बढ़ाते हैं जिससे दुर्घटना होने की आशंका बढ़ जाती है।

सड़क पर अपनी आक्रामकता को नियंत्रित करने के लिए हमें अपना खयाल रखने की जरूरत है। अगर हमें लगता है कि हमारे धैर्य का स्तर घट रहा है या गुस्सा बढ़ रहा है तो इसका मतलब यह है कि तनाव को कम करने की कोशिश की जानी चाहिए। इसके लिए चाहें तो थोड़ा एक्सरसाइज करें या योग करें और जिन कामों में आपकी बहुत ज्यादा जरूरत नहीं है, उन्हें अपनी दिनचर्या से हटाएं। यदि आपका मन स्वस्थ और शांत है तो आपके गुस्से की दिक्कत बेहद कम हो जाएगी।

अगर आपको थोड़ा गुस्सा आ भी जाता है तो एक कदम पीछे लौटकर यह सोचने की जरूरत है कि इसका कोई फायदा है भी या नहीं। अगर आप पीछे मुड़कर देखेंगे तो आपको उसका कोई फायदा नजर नहीं आएगा। ऐसी स्थिति में थोड़ी गहरी सांस लेना या गाना बदल देने जैसे कामों में अपने ध्यान बांटने की कोशिश करें।

आवश्यक है कि गाड़ी चलाते समय हमेशा सावधान रहें। सतर्कता से गाड़ी चलाएं। ड्राइविंग के समय गुस्सा न करने का प्रण करें और खुद को शांत रखें। वाहन ध्यान से चलाएं जिससे दूसरे लोग सड़क पर सुरक्षित रहें। अपने गंतव्य स्थान के लिए हमेशा समय से पहले निकलें।



Related Items

  1. अब हाईवे सिर्फ़ सड़क ही नहीं, दवा भी देंगे...!

  1. बुलेट स्पीड में विकास की गाड़ी, छूट रहे हैं छोटे स्टेशन...

  1. प्रदूषण के लिए कौन है जिम्मेदार? किसान, प्रशासन, वाहन या नागरिक...




Mediabharti