जमैका । ऑलराउंडर कार्लोस ब्रेथवेट को इसी महीने फ्लोरिडा में भारत के खिलाफ होने वाली दो मैच की टी20 सीरीज के लिए वेस्टइंडीज टीम का कप्तान बनाया गया है। ब्रेथवेट के पास सिर्फ आठ टी20 मैच का अनुभव है। इसी साल भारत में आयोजित विश्व कप जिताने वाले कप्तान डेरेन सैमी की 13 सदस्यीय टीम से छुट्टी कर दी गई है। सैमी ने हाल ही में अपने फेसबुक पेज पर एक वीडियो पोस्ट कर बताया था कि उन्हें चयनकर्ताओं के मुखिया ने टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड (डब्ल्यूआईसीबी) ने एक विज्ञप्ति जारी कर कहा कि हमने खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर यह टीम चुनी है। सैमी विश्व कप में कुछ खास नहीं कर पाए थे। सैमी ने तीन पारियों में 13 गेंदें खेलकर आठ रन बनाए थे और तीन ओवर डालकर एक विकेट लिया था। चयनकर्ताओं ने वर्ष 2012 और इस साल वेस्टइंडीज को विश्व कप दिलाने के लिए सैमी का आभार जताया है। दूसरी ओर, ब्रेथवेट ने टी20 विश्व कप के फाइनल में इंग्लैंड के तेज गेंदबाज बेन स्टोक्स की लगातार चार गेंदों पर चार छक्के उड़ाकर टीम को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। डब्ल्यूआईसीबी ने ब्रेथवेट को टी20 फॉर्मेट के सबसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में से एक बताया है। विभिन्न कारणों से विश्व कप में नहीं खेल पाए स्पिनर सुनील नरेन और ऑलराउंडर किरोन पोलार्ड की कैरेबियाई टीम में वापसी हुई है। ये दोनों खिलाड़ी जून में वेस्टइंडीज में ही ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आयोजित त्रिकोणीय वनडे सीरीज में भी खेले थे। नरेन उसमें सर्वाधिक विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज थे, जबकि पोलार्ड ने सात मैच में 41 के औसत से 205 रन बनाए थे। हालांकि खब्बू स्पिनर सुलेमान बेन की टीम से छुट्टी कर दी गई है। बेन ने त्रिकोणीय सीरीज में सात मैच में तीन ही तथा हाल ही आयोजित कैरेबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) में 9.19 के इकोनोमी रेट से सात मैच में सिर्फ चार ही विकेट लिए थे। टीम : आंद्रे फ्लेचर, आंद्रे रसैल, कार्लोस ब्रेथवेट, क्रिस गेल, ड्वेन ब्रावो, इविन लुइस, जेसन होल्डर, जॉनसन चार्ल्स, किरोन पोलार्ड, लेंडल सिमंस, मार्लोन सैमुअल्स, सैमुअल बद्री, सुनील नरेन। साभार-khaskhabar.com
Read More




