मथुरा। एक माह पूर्व थाना फरह क्षेत्र के हाइवे के निकट एक ढाबे के पिछवाड़े मिले युवक के शव को एक्सीडेंट में मौत दिखाकर मुकद्मा दर्ज कर देने पर थाना फरह पुलिस के खिलाफ परिजनों ने एसएसपी से मिलकर उक्त मुकद्में को हत्या में तरमीम कराने व नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकद्मा दर्ज कराने की मांग की है। एक माह से तमाम अधिकारियों को पत्र भेजने व एसएसपी से मिलने के बाद भी कोई संतुष्टी न मिलने पर परिजनों ने पुलिस महानिरीक्षक कानून व्यवस्था को पत्र लिखकर उक्त मामले में हत्यारोपियों के विरुद्व मुकद्मा दर्ज कराने और विवेचना गैर जनपद पुलिस से कराने की मांग की है। मिली जानकारी के अनुसार थाना फरह क्षेत्र के गांव पिपरौठ निवासी हीरा सिंह पुत्र गौरी शंकर का आरोप है कि मेढ़ के विवाद के चलते उसके बेटे सोनू को 27 मार्च को 7 बजे गांव के ही अनूप सिंह पुत्र तुकमान सिंह, सुघड़ी, भगड़ी व महीपाल घर से बुलाकर ले गए और अपने साथी जीतू व बबलू के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी तथा शव राजमार्ग स्थित पहलवान ढावे के पीछे पटक दिया। सूचना मिलने पर प्रार्थी व उसके परिजन मौके पर पहुंच गए तथा सोनू के शव को पहचान लिया। उसके शरीर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। मौके पर पहुंची थाना फरह पुलिस ने आरोपियों से मिलकर उसके पुत्र की हत्या का मामला दबाकर एक्सीडेंट दिखा दिया। जबकि जहां शव पड़ा मिला, वहां किसी वाहन के जाने का रास्ता ही नहीं है। जबकि फरह पुलिस दस टायरा ट्रक से टकराकर मौत होने की बात मुकद्मा संख्या 75/15 में कह रही है। पुलिस द्वारा कराए गए पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सकों द्वारा मृतक के शरीर पर आठ स्थानों पर चोट के निशान होने लिखा है। मृतक के परिजनों ने आज भी एसएसपी से मुलाकात करने के साथ ही प्रदेश के पुलिस महानिरीक्षक, कानून व्यवस्था को पत्र भेज उक्त मामले को नामजद हत्यारोपियों के खिलाफ तरमीम कराने व गैर जनपद पुलिस से जांच कराने की मांग की है।
Read More




