मथुरा। पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मारक समिति द्वारा फरह कस्बे से नगला चंद्रभान गांव जाने वाले मार्ग पर स्थित फरह टाउन स्टेशन का नाम पं. दीनदयाल के जन्मशती वर्ष के अवसर पर उनके नाम पर करने का प्रस्ताव इन दिनों प्रदेश सरकार की फाइलों में बंद हो निर्णय का इंतजार कर रहा है। स्मारक समिति के सचिव नवीन मित्तल ने बताया कि हमने करीब पांच माह पूर्व नियमानुसार जिलाधिकारी के माध्यम से राज्य सरकार को पं. दीनदयाल उपाध्याय की जन्मस्थली एवं भारतीय जनता पार्टी यह चाहती है कि उत्तर प्रदेश सरकार गृह मंत्रालय के माध्यम से भेजे गए इस प्रस्ताव पर अपनी सहमति दे दे तो ‘अनापत्ति प्रमाण पत्र’ जारी करने की औपचारिकता पूरी कर दे जिससे रेल मंत्रालय इस मसले में अंतिम निर्णय लेकर मुंबई के ‘राम मंदिर’ रेलवे स्टेशन की स्थापना के समान ही ‘फरह टाउन’ की पहचान ‘दीनदयाल उपाध्याय’ स्टेशन के नाम पर परिवर्तित कर दी जाए। सूत्रों के अनुसार स्मारक समिति की मांग पर गृह मंत्रालय कई माह पूर्व एक प्रस्ताव राज्य सरकार को भेज चुका है। जिस पर सितंबर में मुख्य सचिव बनाए गए राहुल भटनागर को सरकार के निर्णय से गृह मंत्रालय को अवगत कराना है। इसीलिए, देश के किसी भी गांव, शहर, जिले अथवा स्टेशन के नाम परिवर्तन पर अनापत्ति प्रमाण जारी करने वाला गृह मंत्रालय खुद इस मामले में राज्य सरकार से जल्द निर्णय लिए जाने का इंतजार कर रहा है और समाजवादी पार्टी की सरकार है कि जैसे उसे इस मसले पर विचार करने की कोई जल्दी नहीं है। दीनदयाल उपाध्याय स्मारक समिति के सचिव नवीन मित्तल ने बताया कि मैं इस संबंध में गृहमंत्री राजनाथ सिंह से मिला था। उन्हें समिति के निर्णय से अवगत कराते हुए स्टेशन के नाम में परिवर्तन से संबंधित प्रस्ताव भी दिया था। जिसे गृह मंत्रालय के स्तर से राज्य सरकार को भेजे जाने की जानकारी मिली थी लेकिन अभी तक इस प्रस्ताव पर कोई निर्णय लिए जाने की सूचना नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि समिति ने अब मथुरा से भाजपा सांसद हेमामालिनी एवं आगरा के रामशंकर कठेरिया से आग्रह करेंगे कि वे दोनों मिलकर राज्य सरकार से इस मामले में जल्द से जल्द हरी झण्डी दिलाने का काम करें। मित्तल ने बताया कि समिति रेल मंत्रालय को एक और प्रस्ताव देने जा रही है जिसमें इस स्टेशन पर शताब्दी और राजधानी एक्सप्रेस जैसी गाड़ियों का हाल्ट बनाने की मांग की जाएगी जिससे लोग बडे़ पैमाने पर यहां आकर दीनदयाल धाम का भ्रमण कर सकें।
Read More