लखनऊ । आज शनिवार से बीजेपी भी उत्तर प्रदेश में अपना चुनावी शंखनाथ शुरू करने जा रही है। आज से बीजेपी यूपी में परिवर्तन यात्रा की शुरूआत करने जा रही है। परिवर्तन यात्रा के पहले चरण की शुरूआत सहारनपुर से होगी। परिवर्तन यात्रा के उद्घाटन समारोह को लेकर पूरे सहारनपुर को केसरिया रंग से सरोबार कर दिया गया है। पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने होर्डिंग, बैनर और झण्डों से पूरे शहर को पाट दिया है। हाइड्रोलिक सिस्टम से युक्त परिवर्तन यात्रा रथ में न गुण्डाराज न भ्रष्टाचार अबकी बार भाजपा सरकार , योजनाओं का नहीं मिलता लाभ-किसान दुखी और बर्बाद और भर्ती बन गया कारोबार, लाखों युवा बेराजगार जैसे स्लोगन लिखे हुए हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह यात्रा की शुरूआत करेंगे। इसके साथ ही वहां एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र, यूपी प्रभारी ओम माथुर, हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर, प्रदेश अध्यक्ष केशव मौर्य के साथ केंद्रीय राज्य मंत्री संजीव बालियान और सांसद हुकुम सिंह भी होंगे। सहारनपुर में यात्रा के आगाज की जिम्मेदारी संजीव बालियान और हुकुम सिंह को दी गई है। पहले तीन दिन यात्रा की कमान संजीव बालियान, हुकुम सिंह और मनोहर लाल खट्टर के हाथों में होगी। बीजेपी की यह परिर्वतन यात्रा 50 दिनों में 109 विधानसभाओं का रास्ता तय करेगी। पहले तीन दिनों में यात्रा सहारनपुर से निकलकर शामली और बागपत जिले से गुजरेगी। इस दौरान 7 नवंबर को कैराना में जनसभा रखी गई है जिसमें केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह आएंगे। गौरतलब है कि कैराना में हिंदुओं के पलायन का मुद्दा काफी चर्चा में रहा है। साभार-khaskhabar.com
Read More




