नई दिल्ली । बिहार के शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी के साथ ट्विटर पर हुए ‘डियर’ संबोधन पर विवाद पर मानव संसाधन मंत्री स्मृति इरानी ने अपने फेसबुक पेज पर लंबा जवाब दिया है। खास बात यह है कि स्मृति इरानी ने अपने जवाब के अंत में लिखा है, ‘सादर, आंटी नेशनल’। जाहिर है मानव संसाधन मंत्री ने एक तीर से दो निशाने साधे हैं, क्योंकि पिछले दिनों उन्हें एक अखबार में ‘आंटी नेशनल’ से संबोधित किया गया था।
इरानी ने फेसबुक पर अपनी मध्यम वर्गीय परवरिश को याद करते हुए लिखा कि बड़ी होती लड़कियों को सिखाया जाता था, लडक़े अगर छेड़ते भी हैं तो उनका जवाब मत दो, क्योंकि उनका कुछ नहीं बिगड़ेगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लेकिन तब भी कुछ विद्रोही होती थीं जो सवाल करती थीं कि क्यों नहीं बोलें, क्यों मुंह बंद रखें। स्मृति इरानी का इशारा ट्विटर पर अशोक चौधरी के साथ हुए विवाद की तरफ था। इस विवाद में उन्होंने सीरीज में ट्वीट कर अशोक चौधरी के डियर संबोधन पर आपत्ति जताने के बाद उपजे विवाद का जवाब दिया था। स्मृति इरानी ने अपनी पोस्ट में उस मानसिकता का जिक्र किया है, जिसमें औरत की मेहनत के बाद भी लोग उस पर आरोप लगाते हैं।
फेसबुक पोस्ट में स्मृति इरानी ने भाजपा में अपने संघर्ष और मेहनत से हासिल किए गए पदों का जिक्र कर ‘अनपढ़’ शिक्षा मंत्री जैसे आरोपों का भी जवाब दिया। इसके अलावा उन्होंने मानव संसाधन मंत्री के तौर पर अपनी उपलब्धियों को भी फेसबुक पोस्ट के माध्यम से सामने रखा।
बिहार के शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी ने केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी को ‘डियर’ कहकर संबोधित किया था जिसके बाद दोनों के बीच ट्विटर पर शब्दयुद्ध छिड़ गया। उधर, अशोक चौधरी केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति इरानी को ‘डियर’ संबोधित करने के अपने आधार पर डटे हुए हैं। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी के आशा भोसले को इस शब्द से संबोधित करने सहित कई संदर्भों का हवाला दिया।
चौधरी ने अपने ट्विटर अकाउंट पर केंद्रीय श्रम मंत्री बंडारू दत्तात्रेय की तरफ से इरानी को लिखे गए एक पत्र में ‘डियर’ का हवाला दिया और आरोप लगाया कि वह इस मामले पर दोहरा रवैया अपना रही हैं। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री के साथ ट्वीट पर अपनी बहस का हवाला देते हुए चौधरी ने कहा, ‘आपको दूसरों का ‘डियर’ कहना ठीक लगा लेकिन मैंने यही किया तो आपत्ति हो गयी।’
बिहार के मंत्री ने अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के पूर्व के ट्वीट को रीट्वीट किया जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘डियर’ जेंडर न्यूट्रल है और इरानी को ‘रेन एंड मार्टिन’ की ग्रामर किताब पढऩे की सलाह दी। बिहार कांग्रेस के भी अध्यक्ष चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहले की ट्वीट का जिक्र किया, ‘डियर आशाभोसले ताई, आपके बेटे के निधन पर मर्माहत हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी भावनाएं आपके साथ हैं।’ उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने चौधरी का पक्ष लिया और इस विवाद को जातिवादी रंग देते हुए सवाल किया, ‘क्या एक दलित डियर नहीं कह सकता?’
साभार-khaskhabar.com
Read More