मथुरा। नगर मजिस्ट्रेट रामअरज यादच ने उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में जवाहर बाग में अवैध कब्जा करने वाले तथाकथित सत्याग्रहियों का नेतृत्व कर रहे व्यक्तियों को आज बुधवार 1 जून की सांय 5 बजे तक जवाहर बाग को खाली करने हेतु अनन्तिम नोटिस जारी करते हुए सख्त हिदायत दी है कि यदि निर्धारित अवधि तक उनके समर्थकों द्वारा इसे खाली नहीं किया जाता है तो बल पूर्वक बेदखल करने को बाध्य होना पड़ेगा जिसमें होने वाले परिणामों के लिए वे व उनके समर्थक स्वयं जिम्मेदार होंगे।
नगर मजिस्ट्रेट द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि अवैध कब्जा करने वालों द्वारा जनपद की कानून व्यवस्था से खिलवाड किया जा रहा है। लगातार कानून व्यवस्था का मखौल उड़ाया जा रहा है। अवैध रूप से राजकीय सम्पत्ति को क्षति पहुॅचायी गयी है तथा उ0प्र0 सरकार एवं भारत सरकार को सरकार न मानकर मनमाने तौर पर विकृत मानसिकता से अवैध रूप से खुले असलाहों का प्रदर्शन किया जा रहा है। जवाहर बाग को जबरन खाली कराये जाने में आप व आपके समर्थकों के अवैधानिक कृत्यों को देखते हुए जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता है। अतः बलपूर्वक बेदखल किये जाने से पूर्व नोटिस प्रेषित किया जाना आवश्यक मानते हुए इस नोटिस के माध्यम से सूचित किया जाता है कि आप सभी जवाहर बाग में बैठे अपने समर्थकों के साथ जवाहर बाग को 1 जून की सांय 5 बजे तक खाली कर दें अन्यथा की स्थिति में आपको बलपूर्वक बेदखल करने को बाध्य होना पड़ेगा जिसमें होने वाले परिणामों के लिए स्वयं जिम्मेदार होंगे।
नगर मजिस्ट्रेट ने कहा कि पूर्व में जारी नोटिसों के बावजूद आपके द्वारा निर्देशों का उल्लंघन करते हुए जवाहर बाग को अपने समर्थकों सहित निर्धारित अवधि में खाली नहीं किया गया है जो कि सर्वथा अनुचित है। अतः आपको इस नोटिस के माध्यम से अनन्तिम रूप से सूचित किया जाता है कि आप सभी जवाहर बाग में बैठे अपने समर्थकों के साथ राजकीय सम्पत्ति जवाहर बाग को 1 जून की सांय 5 बजे तक अनिवार्य रूप से खाली कर दें। अन्यथा की स्थिति में आपको बलपूर्वक बेदखल करने को बाध्य होना पड़ेगा जिससे होने वाले परिणामों के लिए आप स्वयं उत्तरदायी होंगे।
जिनको नोटिस जारी की गयी वे रामवृक्ष यादव पुत्र श्री भोला यादव, निवासी-रामपुर बांगसुर, थाना मरदे, जिला गाजीपुर, आर एन सिहं निवासी नेगुरा, थाना सीधी, जिला सीधो, चन्दन बॉस निवासी पश्चिम बंगाल, हरनाथ सिंह पुत्र गंगा सागर, निवासी 196बी दुसावरी, पट्टी तिरवा कन्नौज, राकेश बाबू गुप्ता पुत्र हरीराम गुप्ता, निवासी 299 ए सिविल लाइन बदांयू, प्रेमचन्द्र पुत्र गंगा सागर निवासी पट्टी पवौरा कन्नौज, प्रेमचन्द्र सिंह पुत्र दया शंकर सिंह, निवासी दूहरा सीकरी, गोरखपुर, राजावन्त कौर पुत्र निरासमल सिंह, निवासी 255 रनगाना 2 थाना झिंझाना मुजफ्फर नगर, महीपाल सिंह पुत्र रामप्रसाद निवासी 104 रत्न मऊरानी पुर, झांसी तथा संजीव कुमार पुत्र हरनाथ सिंह निवासी 196 बी दुसावरी पट्टी तिरवा कन्नौज हैं। नोटिस की प्रतियां थानाध्यक्ष सदर बाजार को इस निर्देश के साथ उपलब्घ कराई गई हैं कि प्रत्येक पर नोटिस की आज ही तामील कराकर तामील कराने सम्बन्धी अपनी आख्या तत्काल उन्हें उपलब्ध करायें। तामील की कार्यवाही में वीडियोग्राफी भी कराई जाय, यदि उनके द्वारा नोटिस पूर्व की भॉति नहीं लिया जाता है तो लाउड स्पीकर के माध्यम से सूचना दी जाय तथा गवाहों के माध्यम से तामील कराना सुनिश्चित किया जाय।
Read More