मथुरा। वृन्दावन पुलिस ने बाइक चोर गिरोह के तीन सदस्यों को उस समय पकड़ा जब वे एक बाइक चुराकर ले जाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने इस मामले में तीन चोरों को गिरफ्तार किया है। बताया गया कि तीनों चोर वृन्दावन में ई रिक्शा चलाते थे और इसी दौरान कहां-कहां बाइक खड़ी हैं इसकी जानकारी कर अपने साथियों को बताते थे। पुलिस ने इनके पास से आधा दर्जन बाइक भी बरामद की हैं। मिली जानकारी के अनुसार प्रेम मंदिर क्षेत्र में बाइक चुराते एक युवक को जब पकड़ा तो कड़ाई से पूछताछ में वह सब कुछ उगल गया। उसने बताया कि हम उरई, जालौन के रहने वाले हैं और वृन्दावन में ई रिक्शा चलाते हैं। इसी दौरान हम वैष्णो देवी मंदिर और प्रेम मंदिर पर आने वाले श्रद्धालुओं को नजर में रखकर उनकी बाहर खड़ी बाइकों को कुछ ही पल में पार करवा देते हैं। पुलिस ने इनके पास से एक पल्सर, एक डिस्कवर, टीवीएस, बजाज प्लेटिना बाइक पकड़ी हैं। समाचार लिखे जाने तक उनके पास से अन्य दुपहिया वाहन भी मिलने की दिशा में पुलिस काम कर रही थी। पकड़े गये वाहन चोरों में राजू पुत्र भगवानदास, राजवीर और किशनपाल पुत्र जसवंत सिंह निवासी उरई जालौन हैं। इनके और भी साथी बताये गये हैं जिनकी वृन्दावन पुलिस तलाश कर रही है।
Read More




