चेतन्य महाप्रभु ब्रज वृंदावन आगमन पंचशती महोत्सव का उद्घाटन करने आ रहे राष्ट्रपति प्रणत मुखर्जी स्वागत की तैयारियों के बारे में जानकारी देते पदमनाथ गोस्वामी, पदमलोचन गोस्वामी, शिशुपाल सिंह, डा. अंजू सूद, बांकेलालजी, सोहन झा आदि
मथुरा। चेतन्य महाप्रभु ब्रज वृन्दावन आगमन पंचशती महोत्सव का उदघाटन 18 नवंबर को प्रातः साढे दस बजे महामहिम राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी द्वारा परमेश्वरी देवी धानुका सरस्वती विद्या मंदिर गौशाला नगर वृन्दावन में होगा।
इस मौके पर यूपी के राज्यपाल राम नाइक, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, मथुरा की सांसद हेमा मालिनी एवम अन्य विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी में उदघाटन सत्र होगा। पदमनाथ गोस्वामी सेवायत राधारमण मंदिर एवं आयोजकों द्वारा इसकी जोरशोर से तैयारियां चल रही हैं। मंच निर्माण की व्यवस्थायें पूर्ण कर ली गयी हैं। सुरक्षा की दृष्टि से व्यवस्थायें सुदृढ़ की गयी हैं। पुलिस-प्रशासन के अधिकारी समय-समय पर इसके लिये अपना मार्गदर्शन व निरीक्षण कर रहे हैं। कार पार्किंग की व्यवस्था जयपुर मंदिर, वासुदेव पार्किंग एवं मथुरा से आने वाले अतिथियों की पागल बाबा के पास व्यवस्था की गयी है। पानीगांव पुल के पास भी कार पार्किंग होगी। दुपहिया वाहन तराश मंदिर में पार्क किये जायेंगे। मथुरा की पार्किंग स्थल पर अतिथियों को लाने के लिये बसों की व्यवस्था की गयी है जो प्रातः साढे दस बजे तक ही उपलब्ध हो पायेगी। आयोजकों ने साधु-संत, धर्माचार्य एवम अतिथियों से आग्रह किया है कि वे साढे दस बजे से पूर्व स्थान ग्रहण कर लंे। क्योंकि सुरक्षा के कारणों से महामहिम के आने से पूर्व मार्गों को अवरोध कर दिया जायेगा। कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति हैलीपेड से कार्यक्रम स्थल परमेश्वरी देवी धानुका सरस्वती विद्या मंदिर में आयेंगे। कार्यक्रम के पश्चात रंगजी मंदिर, महाप्रभु मंदिर एवं गोपीनाथ बाजार होते हुये श्रीराधा रमण जी के दर्शन हेतु जायेंगे। चेतन्य महाप्रभु के वृन्दावन आगमन के पांच सौ वर्ष के उपलक्ष्य में राष्ट्रपति एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों को चेतन्य महाप्रभु द्वारा श्री गोपालभट्ट गोस्वामी को प्रदत्त अपना आसन (पटटा) एवम अंगवस्त्र का विशेष रूप से दर्शन कराया जायेगा जिसकी राधारमण मंदिर में गत 480 वर्ष से सेवा-पूजा होती है। पदमनाथ गोस्वामी, पदमलोचन गोस्वामी, शिशुपाल सिंह, डा. अंजू सूद, बांकेलालजी, सोहन झा आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
Read More