मथुरा : यातायात विभाग ने एक बार फिर मथुराएक्सप्रेस.कॉम की खबर का संज्ञान लेते हुए शनिवार को ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की और इस दौरान जमकर चालान काटे गए। (खबर पढ़ें : कृष्णनगरी में यातायात व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त) भूतेश्वर, नया बस स्टैंड और स्टेट बैंक चौराहा पर बड़ी संख्या में चालान काटे गए। इनमें से अधिकतर ऐसे ऑटो चालक थे जिन्होंने अपने वाहनों में निर्धारित मानकों से अधिक सवारियों को बिठा रखा था तथा इनके पास प्रदूषण प्रमाणपत्र भी नहीं था। वर्दी नहीं पहनने वाले ऑटो चालकों के भी बड़ी संख्या में चालान किए गए। ध्यान रहे, मथुरा शहर से वृन्दावन तक रोजाना लगने वाले जाम से लोगों की बेहाली को देखते हुए ब्रज बचाओ समिति ने इस प्रकार की कार्रवाई की मांग की थी। शहर में तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों को रोजाना घंटों जाम से गुजरना पड़ता है। नए बस स्टैंड से लेकर गोवर्धन चौराहा तक डग्गेमार वाहनों का जमावड़ा लगा रहता है। इनमें अधिकांश टेम्पो, प्राइवेट बस, छोटा हाथी, मैक्स जैसी दर्जनों गाड़ियां शामिल रहती हैं। गोवर्धन चौराहा से लेकर मंडी चौराहा तक डग्गेमार वाहनों का काफिला कई जगह देखा जा सकता है। यहां जमकर अवैध वसूली भी की जाती रही है। पार्किंग के नाम पर अवैध ठेकेदार जमकर वसूली करते हैं। नरहौली चौराहा और टाउनशिप चौराहा पर भी अवैध वसूली करते ठेकेदार देखे जा सकते हैं। वाहनों की ओवरलोडिंग के चलते भी आए दिन जाम लगते रहते हैं। डीग गेट से लेकर वृन्दावन तक ओवरलोड वाहन खूब देखे जा सकते हैं। मानक के अनुसार चार सवारी वाले टेम्पो में 14-16 सवारी भर ली जाती हैं। शहर के यातायात की स्थिति बहुत खराब है। कई बार ओवरलोडिंग की वजह से बच्चों के साथ बड़े हादसे हुए हैं। नए बस स्टैंड से लेकर स्टेट बैंक चौराहे तक रोज जाम से बेहाल होकर गुजरना पड़ता है। चौराहा पर लाल बत्ती तो लगी है लेकिन वह खराब पड़ी रहती है। शनिवार और रविवार को पूरा वृन्दावन चौक और छटीकरा से वृन्दावन वाले रोड पर सुबह से शाम तक जाम लगा रहता है।
Read More




