नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर ‘अच्छे दिन’ को लेकर तंज कसने वाले कॉमेडियन कपिल शर्मा अब खुद ही अपने आरोपों में फंस गए हैं। जिस बीएमसी पर उन्होंने रिश्वत लेने का आरोप लगाया था, उसका कहना है कि वह कपिल के अवैध निर्माण को रोक रही थी, जो तोड़ा गया था वह अवैध निर्माण था। आरोप है कि कपिल शर्मा जिस जगह पर दफ्तर बना रहे हैं, उस जगह पर व्यावसायिक इस्तेमाल नहीं हो सकता है। बीएमसी का कहना है कि अंधेरी के जिस रो हाउस को लेकर घूस देने की बात कपिल शर्मा ने कही है, वहां उनका (कपिल का) अवैध निर्माण हो रहा है। कपिल शर्मा म्हाडा कॉलनी के रो हाऊस, प्लॉट नंबर 72 में रहते हैं। बीएमसी का कहना है कि इस रो हाऊस के पीछे खाली जगह थी जहां पर कपिल ने अतिक्रमण किया था। विभाग ने इस साल 16 जुलाई को कपिल को ‘स्टॉप वर्क’ का नोटिस दिया था, लेकिन निर्माण कार्य बंद नहीं किया गया। इसी रो हाऊस में अवैध रूप से तीसरी मंजिल भी खड़ी की गई है। बीएमसी ने कहा कि कपिल की तरफ से नोटिस का जवाब नहीं मिलने के कारण विभाग ने इस अवैध निर्माण को अगस्त में तोड़ दिया। इसी से कपिल खफा हैं उधर कपिल के ट्वीट के जवाब में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस दोषियों को पकडऩे की बात कही है। साथ ही बीएमसी में शिवसेना की ग्रुप लीडर तृष्णा विश्वासराव ने कहा कि जिसने पैसा मांगा है उसने गलत किया है। उस पर कार्रवाई की जाएगी। जबकि इससे पहले उन्हें बीएमसी का पक्ष जानना चाहिए था जो लगता है उन्होंने नहीं किया। क्योंकि, बीएमसी का तो कहना है कि वह कानूनी तौर पर कपिल के घर का निर्माण तोडऩे गए थे। साथ ही देवेंद्र फडणवीस से अलग भाजपा के एक सांसद का और ही कहना है। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कपिल शर्मा को ही इस ट्वीट को लेकर घेर लिया है। उन्होंने कहा कि अगर कोई 15 करोड़ टैक्स देता है तो उसके अच्छे दिन आ ही गए हैं। तिवारी ने कहा कि ट्वीट करने से अच्छा है कि आप (कपिल) रिश्वत लेने वालों का नाम बताओ, 24 घंटे में सजा मिलेगी। घूस लेना या देना दोनों अपराध हैं। साथ ही मनोज तिवारी ने कहा कि कपिल शर्मा का ट्वीट स्पष्ट नहीं है और इससे उनकी नीयत में खोट दिखता है। दूसरी ओर सोशल मीडिया पर भी कपिल के ट्वीट के बाद कई तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। यहां पर मोदी समर्थक जमकर कपिल का मजाक उड़ा रहे हैं, वहीं कपिल के समर्थक इस पर सहानुभूति दिखा रहे हैं। इस ट्वीट के बाद कुछ लोगों ने कपिल से पूछा है कि कहीं यह राजनीति में किस्मत चमकाने की उनकी कोई चाल तो नहीं है, वहीं किसी ने उनसे पूछा है कि कहीं वह नवजोत सिंह सिद्धू की पार्टी ‘आवाज-ए-पंजाब’ तो नहीं ज्वाइन करने वाले हैं। आपको बता दें कि कपिल ने कहा था कि मुझे बताया गया कि बीएमसी से परमिशन लेने में आपको साल भर लग जाएगा और अगर मैं काम जल्द चाहता हूं तो 5 लाख रुपए दिए रिश्वत के तौर देने होंगे। हालांकि मुझे रिश्वत नहीं देनी चाहिए थी, ये गलत है, उसके बावजूद मैंने दी। फिर भी वो मेरा बंगला भी तोड़ गए, इसके बावजूद मुझे और ब्राइब देने को कहा गया। साभार-khaskhabar.com
Read More




